दाऊद के गुर्गे ने ड्रग्स तस्करी को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा, गिरफ्तार सलीम लैविश पर लगेगा मकोका

Mumbai Drug Trafficking: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के सहयोगी सलीम शेख उर्फ ‘सलीम लैविश’ ने ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ लिया, मकोका के तहत जांच जारी।
salim-sheikh-dawood-ibrahim-drug-network-mumbai-crime-branch
मुंबई क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Crime Branch Action: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी सलीम शेख उर्फ 'सलीम लैविश' ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, शेख ने देशभर में फैले ड्रग्स तस्करी के जाल का खुलासा किया है, जिससे कानून व्यवस्था की नींव हिल सकती है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक विशेष एजेंसी की मदद से शेख को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1999 (मकोका) लागू किया जा सकता है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि सलीम शेख का नेटवर्क बेहद संगठित और व्यापक है, जो ड्रग्स के निर्माण से लेकर तस्करी तक हर कदम में शामिल था।

सलीम डोला का करीबी है शेख

सलीम शेख, भगोड़े ड्रग माफिया सलीम डोला का करीबी सहयोगी है। डोला का बेटा ताहिर और भतीजा कुब्बावाला भी इस नेटवर्क से जुड़े हैं। रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर दोनों को यूएई में हिरासत में लिया गया था, जबकि सलीम डोला के तुर्की भागने का संदेह है।

पुलिस के अनुसार, सलीम शेख ने ड्रग्स बनाने के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराया और तैयार ड्रग को विभिन्न स्थानों पर तस्करों तक पहुंचाने का इंतजाम किया। इससे स्पष्ट होता है कि यह केवल एक स्थानीय नेटवर्क नहीं था, बल्कि देशभर में फैले जटिल और संगठित ड्रग्स सप्लाई चेन का हिस्सा था।

अधिकारियों ने कहा कि शेख के खुलासों से कई और बड़े नामों का पर्दाफाश हो सकता है और इस मामले में आगे की कार्रवाई में यह जानकारी अहम साबित होगी। जांच टीम ने शेख के बयान दर्ज कर पूरे नेटवर्क का पूरा नक्शा तैयार करना शुरू कर दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com