Rohit Shetty House Firing Case: 17 आरोपियों पर 1624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, मकोका लगा

Rohit Shetty House Firing Case: मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर फायरिंग मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ 1624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिशउजागर हुई है।
Rohit Shetty House Firing Case Chargesheet
रोहित शेट्टी फायरिंग केस (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on: 
Updated on: 

Rohit Shetty House Firing Case Chargesheet: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।

गुरुवार को पुलिस ने विशेष मकोका कोर्ट में 17 आरोपियों के खिलाफ 1,624 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला 1 फरवरी की रात का है।

जब शेट्टी के नौ-मंजिला घर पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। जिससे बॉलीवुड गलियारों में हड़कंप मच गया था। जांच अधिकारियों के अनुसार, इस हमले की साजिश लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों द्वारा रची गई थी।

सोशल मीडिया पर ली थी हमले की जिम्मेदारी

चार्जशीट में शुभम लोणकर और आरजू बिश्नोई को 'वांटेड' दिखाया गया है। जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। गौरतलब है कि शुभम लोणकर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और सलमान खान फायरिंग मामले में भी मुख्य संदिग्ध है। पुलिस ने अब तक इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनमें शूटर दीपक शर्मा और रितिक यादव जैसे आरोपी शामिल हैं।

अधिकांश आरोपी 20-25 वर्ष के

चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले शेट्टी के घर की तीन बार रेकी की थी। घटना के दिन हमलावर कल्याण के रास्ते ट्रेन से उत्तर भारत भागने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी 20 से 25 वर्ष की आयु के हैं। शुभम लोणकर के भाई प्रवीण लोणकर को भी साजिश, हथियारों की आपूर्ति और आरोपियों का ब्रेनवॉश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। मुंबई पुलिस ने इस पूरे सिंडिकेट पर नकेल कसने के लिए महाराष्ट्र सगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की कड़ी धाराएं लगाई है। इस चार्जशीट के जरिए पुलिस ने आरोपियों के आपसी संबंधों, वित्तीय लेनदेन और भागने के रास्तों के पुख्ता सबूत अदालत के सामने पेश किए हैं।