बुढ़ापे में नहीं होगी पैसों की चिंता, महाराष्ट्र में रिक्शा-टैक्सी चालकों के लिए निवृत्ति सम्मान योजना

Retirement Samman Yojana: महाराष्ट्र में रिक्शा-टैक्सी चालकों के लिए 'निवृत्ति सम्मान योजना' शुरू हुई। 65 वर्ष के 735 चालकों को ₹10 हजार मिले, साथ ही बीमा और बच्चों की छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
Auto Taxi Drivers Financial Security In Mumbai
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मंत्री प्रताप सरनाईक(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Auto Taxi Drivers Financial Security In Mumbai: रोज कमाकर परिवार चलाने वाले रिक्शा-टैक्सी चालकों को बुढ़ापे में आर्थिक सहायता देने के लिए 'निवृत्ति सम्मान योजना' शुरू की गई है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे देश की पहली अनूठी पहल बताते हुए कहा कि यह योजना चालकों के लिए वरदान साबित होगी। परिवहन विभाग और धर्मवीर आनंद दिघे कल्याणकारी मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 65 वर्ष पूरे कर चुके 735 चालकों के खातों में 10-10 हजार रुपए की राशि भेजी गई।

​बीमा और बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ

'निवृत्ति सम्मान योजना' के तहत रिक्शा-टैक्सी चालकों को 10 हजार रुपये के सम्मान कोष के साथ कई सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं दी जाएंगी। योजना में जीवन बीमा, दिव्यांगता बीमा और स्वास्थ्य लाभ का प्रावधान किया गया है। ड्यूटी के दौरान चोट लगने पर चालकों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार ने चालकों के बच्चों की शिक्षा को भी योजना से जोड़ा है। इसके तहत 10वीं कक्षा पास करने पर 5 हजार रुपये, 12वीं पास करने पर 7 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, स्नातक स्तर पर 60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे चालकों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के साथ उनके बच्चों की शिक्षा को भी सहारा मिलेगा।

​कल्याण बोर्ड का बढ़ता दायरा

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने रिक्शा-टैक्सी चालकों के कल्याण के लिए इस बोर्ड की नींव रखी थी। शुरुआत में बोर्ड के लिए 50 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराया गया था। अब इसका दायरा बढ़ाकर 1000 से 1200 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।

शिंदे ने कहा कि सरकार मेहनतकश चालकों के कल्याण और उन्हें सामाजिक सुरक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक को 'आदर्श चालक-मालिक' अभियान शुरू करने का सुझाव दिया। इस अभियान के माध्यम से ईमानदारी और बेहतर सेवा देने वाले चालकों को सम्मानित किया जा सकेगा।

Auto Taxi Drivers Financial Security In Mumbai
जन्माष्टमी पर देशभर में बरसेगा धन, 30% बढ़ सकता है कारोबार; MMR में ₹3,500 करोड़ का अनुमान

​सुविधाओं और सुरक्षा पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकार आम जनता और मेहनत करने वाले वर्ग के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवहन विभाग को सडक़ दुर्घटनाएं घटाने, खतरनाक स्थानों को सुधारने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और चालक उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com