राज ठाकरे के करीबी रहे नेता को BJP ने बड़े मंथन के बाद किया एक्सेप्ट, क्या बदलेगा सियासी गणित?

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले एक बड़ी हलचल सामने आई है। कोंकण में मनसे के कद्दावर नेता रहे वैभव खेडेकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
BJP Maharashtra MNS
राज ठाकरे के करीबी रहे नेता को BJP ने बड़े मंथन के बाद किया एक्सेप्ट, क्या बदलेगा सियासी गणित?
Published on
Updated on

Mumbai News: बीजेपी में शामिल होने का इंतजार कर रहे खेड़ के पूर्व नगराध्यक्ष वैभव खेडेकर का इंतजार मंगलवार को समाप्त हो गया। महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की उपस्थिति में कमलधारी गमछा ओढ़ कर खेडेकर अपने समर्थकों के साथ भाजपाई बन गए। नरीमन प्वाइंट स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने खेडेकर और उनके सहयोगियों का स्वागत किया।

चव्हाण ने कहा कि विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लिए समर्पित मोदी सरकार और महायुति सरकार तेजी से काम कर रही है। सर्व‑समावेशी विकास के लिए एक सक्रिय कार्यकर्ता और दोस्ती निभाने वाले वैभव खेडेकर का भाजपा में शामिल होना खुशी की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके प्रवेश से कोंकण में भाजपा को मजबूती मिलेगी।

वैभव खेडेकर को कोकण क्षेत्र में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का बड़ा नेता माना जाता था। कुछ महीने पहले उन्हें राज ठाकरे ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद से उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। इससे पहले कई बार खेडेकर के भाजपा में प्रवेश की संभावना वाली खबरें सुर्खियों में आई थीं, लेकिन किन्हीं कारणों से प्रवेश टल गया। तब कहा गया कि राज ठाकरे को नाराज नहीं करने की नीति के तहत बीजेपी ने खेडेकर का प्रवेश टाला था। लेकिन मंगलवार को राज के विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) के साथ चुनाव आयोग के पास जाते ही बीजेपी ने पलटवार करते हुए खेडेकर का प्रवेश कार्यक्रम पूरा कर दिया।

पार्टी में शामिल होते हुए वैभव खेडेकर ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कार्यशैली में विश्वास करते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। वह भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित होकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिलाध्यक्ष, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा का झंडा बुलंद होगा।

खेड़कर के समर्थक सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए

मंगलवार को संपन्न पक्ष प्रवेश के मौके पर वैभव खेडेकर के साथ भाजपा में शामिल होने वालों में सुरेश सावंत, विलास जाधव, सुबोध जाधव, संतोष नलावडे, मनीष खवले, मिलिंद नांदगांवकर, संजय आखाडे, रहीम सहीबोले आदि शामिल रहे। इसके अलावा रत्नागिरी जिले से राष्ट्रवादी कांग्रेस सहित कई अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव विधायक विक्रांत पाटिल, पूर्व विधायक विनय नातू, जिलाध्यक्ष सतीश मोरे, केदार साठे आदि उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com