बीएमसी चुनाव से पहले राज ठाकरे का आह्वान, बोले-मतभेद भूलकर गठबंधन मजबूत करें

Raj Thackeray: बीएमसी चुनाव से पहले राज ठाकरे ने मनसे कार्यकर्ताओं से शिवसेना (उबाठा) के साथ एकजुट होकर “मुंबई को बचाने” और गठबंधन की जीत के लिए काम करने का आह्वान किया।
BMC election:बीएमसी चुनाव
Raj Thackeray statement (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BMC election 2025: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने सोमवार को अपने पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे मतभेदों को भुलाकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के साथ एकजुट हों, ताकि “मुंबई को बचाया जा सके” और 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में गठबंधन की जीत सुनिश्चित की जा सके।

रंगशारदा सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि कुछ लोग मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने का सपना देखते हैं और इसके लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। पार्टी नेता बाला नंदगांवकर ने ठाकरे के हवाले से कहा, “मुंबई को तोड़ने का यह सपना चकनाचूर होना चाहिए। मुंबई मराठी मानुष और महाराष्ट्र की है। यह चुनाव मराठी मानुष के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र से बड़ा कोई संघर्ष नहीं है।”

पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए: राज ठाकरे

ठाकरे ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए, क्योंकि इन नगर निकाय चुनावों में हर सीट महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मुंबई को बचाने के लिए अपने मतभेदों को एक तरफ रख दें। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों को शिवसेना (उबाठा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार में भाग लेना चाहिए, और शिवसेना (उबाठा) भी ऐसा ही करेगी।”

बाला नंदगांवकर ने क्या कहा

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी गठबंधन का हिस्सा होगी। बाला नंदगांवकर ने बताया कि पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक ‘ए-बी फॉर्म’ सोमवार को वितरित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ वार्डों के लिए अंतिम समय की बातचीत अभी जारी है। उल्लेखनीय है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है, जबकि मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com