BMC चुनाव 2026: BJP की पहली लिस्ट में मराठी हावी, गैर-मराठी को भी साधा

BJP Marathi Vs Non-Marathi Politics: बीएमसी चुनाव 2026 से पहले मराठी बनाम गैर-मराठी बहस तेज हो गई है। भाजपा की पहली उम्मीदवार सूची को सामाजिक संतुलन और राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
BMC Election 2026
बीएमसी चुनाव 2026 (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Political News In Hindi: बीएमसी चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची सामने आने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुंबई के आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर यह बहस भी जोर पकड़ रही है कि मुकाबला मराठी बनाम गैर-मराठी धुरी पर जा सकता है। हाल के दिनों में राजनीतिक बयानबाज़ी और दलों की रणनीतियों में यह मुद्दा बार-बार उभरता दिख रहा है।

रविवार को शिवसेना (ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पदाधिकारियों की बैठक में आरोप लगाया कि बाहरी ताकतें मुंबई पर नजर गड़ाए हुए हैं। इसके बाद से चुनावी माहौल में स्थानीय पहचान को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। शिवसेना (ठाकरे गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी गठबंधन की घोषणा के साथ मराठी मुद्दे को चुनाव का केंद्र बनाने की बात कही है।

इसी पृष्ठभूमि में भाजपा द्वारा जारी पहली उम्मीदवार सूची को अहम माना जा रहा है। इस सूची से यह संकेत देने की कोशिश की गई है कि पार्टी ने अलग-अलग सामाजिक और भाषाई समूहों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।

भाजपा की पहली सूची में उत्तर भारतीय उम्मीदवार

भाजपा की पहली सूची में कुल 67 उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें से 11 उम्मीदवार उत्तर भारतीय पृष्ठभूमि से बताए जा रहे हैं। ये उम्मीदवार अलग-अलग वार्डों से मैदान में उतारे गए हैं।

उत्तर भारतीय उम्मीदवारों की सूची

वार्ड 13 रानी त्रिवेदी

वार्ड 23 शिवकुमार झा

वार्ड 24 स्वाति जायसवाल

वार्ड 31 मनिषा यादव

वार्ड 36 सिद्धार्थ शर्मा

वार्ड 43 विनोद मिश्रा

वार्ड 68 रोहन राठौड़

वार्ड 69 सुधा सिंह

वार्ड 72 ममता यादव

वार्ड 122 चंदन शर्मा

वार्ड 185 रवि राजा

गुजराती उम्मीदवारों को भी मिला प्रतिनिधित्व

भाजपा की पहली सूची में लगभग 10 प्रतिशत उम्मीदवार गुजराती समुदाय से हैं। पार्टी ने कुल 6 गुजराती उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

गुजराती उम्मीदवार:

वार्ड 10 जितेंद्र पटेल

वार्ड 15 जिग्ना शाह

वार्ड 58 संदीप पटेल

वार्ड 97 हेतल गाला

वार्ड 107 नील सोमैया

वार्ड 174 साक्षी कनौजिया

मराठी उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक

भाजपा की सूची में 48 उम्मीदवार मराठी पृष्ठभूमि से हैं। पार्टी की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि स्थानीय नेतृत्व को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है।

मराठी उम्मीदवार मुंबई के उत्तर, मध्य और दक्षिण सभी क्षेत्रों से मैदान में उतारे गए हैं, जिनमें तेजस्वी घोसालकर, सीमा शिंदे, गणेश खणकर, मिलिंद शिंदे, नवनाथ बन, अंजली सामंत, सोनाली सावंत, मकरंद नार्वेकर और आकाश पुरोहित जैसे नाम शामिल हैं।

अन्य समुदायों से उम्मीदवार

भाजपा ने सूची में अन्य भाषाई समुदायों को भी जगह दी है:

वार्ड 47 तेजिंदर सिंह टिवाणा (पंजाबी)

वार्ड 70 अनीश मकवानी (सिंधी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com