रेलवे NTPC 2026 भर्ती को मंजूरी, 12वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए नौकरी का मौका, जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

Railway NTPC Recruitment: रेलवे बोर्ड ने NTPC 2026 के तहत 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। ग्रेजुएट और 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। स्टेशन मास्टर के पद अलग से जुड़ेंगे।
Railway NTPC Recruitment 2026 For 5165 Posts
रेलवे में सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर(सोर्स: AI)
Published on
Updated on

NTPC Recruitment 2026: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) 2026 के तहत 5,165 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी दे दी है।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी की स्वीकृति के बाद सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने का रास्ता साफ हो गया है।

ग्रेजुएट और 12वीं पास को मिलेगा मौका

स्वीकृत रिक्तियों में ग्रेजुएट और अंडर-ग्रेजुएट दोनों स्तर के पद शामिल हैं। स्नातक स्तर पर कुल 3,477 पद हैं। इनमें गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2,750, सीनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 371, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट-कम-टाइपिस्ट के 300 और चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर के 56 पद शामिल हैं।

गुड्स ट्रेन मैनेजर का पद पे-लेवल 5, जबकि चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर का पद पे-लेवल 6 के अंतर्गत आता है। वहीं, 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए 1,688 पद स्वीकृत किए गए हैं।

इनमें कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क के 700, जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 600, अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 200 और ट्रेन्स क्लर्क के 188 पद हैं। कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क पे-लेवल 3, जबकि अन्य तीन पद पे-लेवल 2 के तहत आते हैं।

स्टेशन मास्टर की रिक्तियां जुड़ेंगी

भर्ती को लेकर एक अहम बात यह है कि पे-लेवल 6 के लोकप्रिय स्टेशन मास्टर पद की रिक्तियां फिलहाल 5,165 पदों की सूची में शामिल नहीं हैं। रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार स्टेशन मास्टर की स्वीकृत रिक्तियों का विवरण अलग से जारी किया जाएगा। ऐसे में अंतिम अधिसूचना में कुल पदों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

26 सितंबर के बाद विज्ञापन की तैयारी

भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तैयारी की है। 7 से 15 सितंबर तक संबंधित मंडलों की इकाइयां ओआईआरएमएस पोर्टल पर रिक्तियों का विवरण दर्ज करेंगी। 16 से 22 सितंबर तक पीसीपीओ स्तर पर इनका सत्यापन होगा।

इसके बाद 23 से 25 सितंबर के बीच संबंधित RRB डाटा की समीक्षा करेंगे। 26 सितंबर से आगे अंतिम विवरण नोडल RRB को सौंपा जाएगा और इसके बाद रोजगार विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

Railway NTPC Recruitment 2026 For 5165 Posts
सिर्फ फायर उपकरण नहीं, उनकी हालत भी देखेगी छत्रपति संभाजीनगर मनपा; आठ दिन में जांच पूरी करने के निर्देश

आरक्षण नियमों का होगा पालन

भर्ती में केंद्र सरकार के आरक्षण नियमों के अनुसार SC, ST, OBC और EWS वर्ग के साथ दिव्यांग एवं पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जाएगा। सितंबर के अंतिम सप्ताह में विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे शैक्षणिक, जाति और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र पहले से तैयार रखें और आवेदन से पहले संबंधित RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com