

Mumbai Pydhonie News: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) के कारण मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 13 व 16 साल की दो बेटियाँ शामिल हैं। इस दुखद घटना के बाद से पूरी घाटी गली और मुगल बिल्डिंग परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सहमे हुए हैं।
पुलिस और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार, अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35), बेटी आयशा (16) और ज़ैनब (13) ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर भोजन किया था। बताया जा रहा है कि परिवार ने रात के खाने में बिरयानी खाई थी और उसके कुछ देर बाद कलिंगड़ (तरबूज) का सेवन किया था।
भोजन के अगले दिन यानी रविवार सुबह से ही परिवार के चारों सदस्यों को उल्टी, दस्त, चक्कर और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। शुरुआत में उन्होंने स्थानीय डॉक्टर से सलाह ली, लेकिन हालत बिगड़ती देख उन्हें तुरंत जेजे अस्पताल (JJ Hospital) ले जाया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने एक बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ ही घंटों के अंतराल में दूसरी बेटी और फिर माता-पिता दोनों की भी मौत हो गई।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है। हालांकि शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। क्या खाने में कोई जहरीला तत्व था या बिरयानी और तरबूज का संयोजन (Combination) जानलेवा साबित हुआ, यह जांच का विषय है।
इसी बीच, मुंबई के घाटकोपर इलाके से भी एक विचलित करने वाली खबर आई है। यहाँ नित्यानंद नगर में दो नाबालिग बच्चियों के साथ पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और हिंदुत्व कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़प की भी खबरें हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।