पवई झील पर तैयार हुआ 30 करोड़ का भव्य म्यूजिकल फाउंटेन, लाइट एंड साउंड शो में दिखेगी मराठों की शौर्यगाथा

Powai Lake Musical Fountain: मुंबई की पवई झील पर 30 करोड़ की लागत से बना भव्य म्यूजिकल फाउंटेन रविवार शाम को उद्घाटित होगा। लाइट एंड साउंड शो में छत्रपति शिवाजी महाराज की शौर्यगाथा दिखेगी।
A grand musical fountain will be built at Powai Lake at a cost of 30 crore
पवई झील लाइट एंड साउंड शो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पवई झील पर 30 करोड़ से बनेगा भव्य म्यूजिकल फाउंटेन।

  • 40 मीटर ऊंची पानी की धाराओं के साथ दिखेगी मराठों की शौर्यगाथा।

  • रोजाना होंगे तीन लाइट एंड साउंड शो, रविवार शाम 7 बजे उद्घाटन।

Powai Lake Musical Fountain Mumbai: मुंबई के पर्यटन आकर्षण में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पवई झील के गणेश घाट पर करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो तैयार किया गया है। 180 मीटर लंबे इस फाउंटेन में संगीत, रोशनी, पानी की धाराओं और आग के विशेष प्रभावों के जरिए छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसका उद्घाटन रविवार शाम 7 बजे कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों होगा। इस परियोजना को मुंबई के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के विशेष प्रयासों से मुंबई उपनगर जिला नियोजन एवं विकास समिति के माध्यम से इसके लिए निधि उपलब्ध कराई गई है। म्हाडा को परियोजना की कार्यान्वयन एजेंसी बनाया गया है।

तीन फिल्मों के जरिए दिखेगा इतिहास

इस म्यूजिकल फाउंटेन में विश्वस्तरीय मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था की गई है। इसके तहत तीन अलग-अलग फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठों का पराक्रम, महाराष्ट्र राज्य की संस्कृति एवं गौरव तथा मुंबई की ऐतिहासिक और गौरवशाली यात्रा को दर्शाया जाएगा। वाटर स्क्रीन, लेजर प्रोजेक्शन और फायर जेट्स के जरिए दर्शकों को एक अलग तरह का दृश्य-श्रव्य अनुभव मिलेगा।

फाउंटेन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 40 मीटर (करीब 130 फीट) ऊंची पानी की धाराएं होंगी। इसमें 27 फायर जेट्स लगाए गए हैं। इसके अलावा रनिंग फाउंटेन चेजर्स, थ्रीडी स्विंग नॉजल्स और फैन जेट्स के जरिए संगीत की धुन पर पानी की अलग-अलग आकृतियां बनाई जाएंगी।

रोजाना होंगे तीन शो

परियोजना के संचालन के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा गार्ड और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए डीजी सेट भी लगाया गया है। दर्शकों के लिए कुर्सियों और व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रतिदिन करीब तीन घंटे के दौरान तीन शो आयोजित करने की योजना है।

A grand musical fountain will be built at Powai Lake at a cost of 30 crore
मुंबई के के-पश्चिम विभाग में पानी की किल्लत और लीकेज दूर करने के लिए BMC खर्च करेगी 24.28 करोड़ रुपये

झील के पानी में ऑक्सीजन बढ़ाने में मिलेगी मदद

इस परियोजना को केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रखा गया है। फाउंटेन के संचालन से झील के पानी में एरेशन की प्रक्रिया भी होगी। इसके जरिए प्रतिदिन करीब 30 लाख लीटर पानी में हवा मिलाने की व्यवस्था की गई है।

इससे पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर बढ़ने में मदद मिल सकती है। परियोजना से आसपास के वातावरण में ठंडक और हवा की गुणवत्ता में सुधार जैसे संभावित फायदे भी बताए गए हैं।

A grand musical fountain will be built at Powai Lake at a cost of 30 crore
YAI सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 2026 का मुंबई में समापन, ओलंपियन विष्णु सरवनन ने सातवीं बार जीता खिताब

जलचर जीवों की सुरक्षा का भी दावा

परियोजना में जलचर जीवों की सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कही गई है। इसके लिए केवल एलईडी लाइटों का इस्तेमाल किया जाएगा और रोशनी पानी की सतह से ऊपर की ओर रखी जाएगी। ध्वनि की तीव्रता भी निर्धारित डेसिबल सीमा में रखने की योजना है।

परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए निविदा में तीन साल के व्यापक रखरखाव और मरम्मत का प्रावधान है। इसके अलावा परियोजना पूरी होने के बाद पांच साल तक संचालन की व्यवस्था की गई है।

मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास और मराठों के पराक्रम को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस परियोजना का उद्देश्य है। इससे मुंबई के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।