मुंबई पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: 12 शातिर अपराधी एक साल के लिए तड़ीपार, DCP ने दिखाई सख्ती
Mumbai Police Externment Action: मुंबई पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए परिमंडल-3 से 12 आदतन अपराधियों को 1 वर्ष के लिए मुंबई और उपनगर की सीमाओं से तड़ीपार किया।
- Written By: रूपम सिंह
मुंबई पुलिस स्टेशन (फोटो.सोशल मीडिया)
Mumbai Police Operations : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-3) गजानन राजमाने ने बड़ी कार्रवाई की है। जोन के चार पुलिस थाना क्षेत्रों में सक्रिय 12 आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए मुंबई शहर और मुंबई उपनगर की सीमाओं से तड़ीपार (निष्कासित) कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद की गई है।
हफ्ता वसूली और दहशत फैलाने के आरोप
पुलिस के अनुसार तड़ीपार किए गए अपराधी हफ्ता वसूली, मारपीट, जानलेवा हथियारों से लोगों को धमकाने और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे गंभीर अपराधों में लगातार संलिप्त थे। इनकी गतिविधियों से स्थानीय नागरिक और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। कई मामलों में लोग डर के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी बचते थे। ऐसे में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कठोर कदम उठाया है।
चार पुलिस थाना क्षेत्रों के अपराधियों पर कार्रवाई
समता नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र से पांच अपराधियों को तड़ीपार किया गया है। इनमें आसिफ पाशा पठान (30), सतीशकुमार त्रिलोकीनाथ सोनी उर्फ जगत (38), परवेज हुसैन पटेल (34), सागर सुनील निगुडकर (32) और जय उपेश पटेल (25) शामिल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे ग्रैंड टूर 2027: 84 किमी सड़कें बनेंगी वर्ल्ड क्लास, 114 करोड़ के फंड ट्रांसफर को मंजूरी
दीपक तले अंधेरा! बॉम्बे हाईकोर्ट की कैंटीन पर चला FDA का हंटर, बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था कारोबार
हुडकेश्वर में रंगदारी का सनसनीखेज मामला: पोषण आहार जब्त करने की धमकी देकर मांगे पैसे, दो पर केस दर्ज
नागपुर हाई कोर्ट का सख्त संदेश: नोटशीट पर मंजूरी देना और अदालती आदेश जारी करना दो अलग बातें!
कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन क्षेत्र से जतिन दिलीप थोडी (28), शौकत अली नियामत अली शेख (51) और अदेज अरुण लगाडे (21) के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई की गई है। वहीं दहिसर पुलिस स्टेशन क्षेत्र से सुजीत रामपाल मिश्रा (38), रामेश्वर बालासाहेब थेंगे (35) और जगदीश कालीराम जोशी उर्फ सुरेश उर्फ सुन्या (37) को शहर से बाहर किया गया है। एमएचबी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से कपिल सुरेश माने (29) को भी तड़ीपार किया गया है।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तड़ीपार किए गए सभी अपराधियों को निर्धारित अवधि तक मुंबई शहर और उपनगर की सीमाओं में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई आरोपी इस आदेश का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह का अभियान जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
