Viksit Bharat 2047: पीयूष गोयल ने मुंबई में की AI आधारित रोजगार पहल शुरू; बोले युवा संभालें देश का नेतृत्व

पीयूष गोयल ने मुंबई में Viksit Bharat 2047 विजन के तहत कौशल विकास और AI आधारित रोजगार उपक्रमों की शुरुआत की। युवाओं के लिए विदेशी भाषा प्रशिक्षण और एआई इनोवेशन हब से खुलेंगे वैश्विक नौकरी के रास्ते।
piyush goyal mumbai ai employment initiative viksit bharat 2047
युवाओं के साथ पीयूष गोयल (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Piyush Goyal Mumbai AI Employment Initiative: केंद्रीय वाणिज्य मंत्री और उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल ने कहा है कि Viksit Bharat 2047 का सपना देश के युवाओं के नेतृत्व, कौशल और दृढ़ संकल्प के बल पर ही पूरा होगा। मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने यह बात युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने वाले विभिन्न कौशल विकास और रोजगार उपक्रमों की शुरुआत करते हुए कही।

केंद्रीय मंत्री ने उत्तर मुंबई के अटल बिहारी वाजपेयी कौशल विकास केंद्र में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का शुभारंभ किया। इसमें सौंदर्य क्षेत्र के लिए लॉरियल प्रशिक्षण केंद्र और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अपना प्लेसमेंट केंद्र शामिल है। अपना केंद्र युवाओं को एआई की मदद से सही करियर चुनने, इंटरव्यू की तैयारी करने और आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढालने में मदद करेगा। इसके साथ ही युवाओं के लिए एक बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनोवेशन हब पर भी काम चल रहा है।

वैश्विक रोजगार और महिला सक्षमीकरण

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने युवाओं से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र में जापानी जैसी विदेशी भाषाएं सीखकर युवा विदेशों में शानदार करियर बना सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश की प्रगति के लिए महिला सशक्तिकरण को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यबल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और दिव्यांग युवाओं को मिल रहा प्रशिक्षण देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है।

समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी

मंत्री पीयूष गोयल ने कौशल विकास के लिए उद्योग जगत और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सीखे गए कौशल का उपयोग समाज की सेवा के लिए भी करें। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच आने वाले समय में देश को एक बेहद मजबूत और समृद्ध अर्थव्यवस्था बनाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com