

Mumbai Education News: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज मालाड में अत्याधुनिक लिबर्टी गार्डन महानगरपालिका स्कूल भवन का उद्घाटन किया। इस भव्य परियोजना का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया निवेश ही राष्ट्र के भविष्य को संवारता है और यह विकसित भारत के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।
लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस जी+6 मंजिला आधुनिक स्कूल भवन से उत्तर मुंबई के 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्ष 2019 में पुरानी जर्जर इमारत को ध्वस्त किए जाने के बाद इस सुरक्षित व सर्वसुविधायुक्त परिसर का निर्माण किया गया है। इस विद्यालय में डिजिटल लर्निंग, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं और दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष लिफ्ट व शौचालयों की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है।
इस आधुनिक परिसर में नए सीबीएसई विभाग के तहत नर्सरी और केजी कक्षाओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और पारदर्शिता पर जोर देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह स्कूल क्षेत्र में शैक्षणिक उत्कृष्टता का एक बड़ा केंद्र बनेगा और बच्चों को आगे बढ़ने के समान अवसर देगा।