मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों लोअर परेल में आदर्श सह-दुय्यम निबंधक कार्यालय का उद्घाटन

Mumbai Property Registration: मुंबई के लोअर परेल स्थित मफतलाल टावर में पासपोर्ट कार्यालय की तर्ज पर आदर्श सह-दुय्यम निबंधक कार्यालय का उद्घाटन किया गया। जानें अपॉइंटमेंट व पंजीकरण की नई व्यवस्था।
A model registration office, patterned after a passport office, has been opened in Lower Parel, Mumbai
देवेंद्र फडणवीस, चंद्रशेखर बावनकुले कार्यालय का उद्घाटन सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुंबई के लोअर परेल में पासपोर्ट कार्यालय की तर्ज पर आदर्श रजिस्ट्रेशन ऑफिस शुरू।

  • मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मफतलाल टावर में किया उद्घाटन।

  • संपत्ति पंजीकरण के लिए अपॉइंटमेंट और टोकन की सुविधा मिलेगी।

  • दस्तावेजों की जांच, स्कैनिंग और डिजिटल रिकॉर्ड की व्यवस्था होगी।

  • आधुनिक सुविधाओं से पंजीकरण प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्शी।

Passport Style Sub Registrar Office Mumbai: महाराष्ट्र में संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है।

इसी के तहत मुंबई के लोअर परेल स्थित मफतलाल टावर में पासपोर्ट कार्यालय की तर्ज पर तैयार किए गए आदर्श सह-दुय्यम निबंधक कार्यालय की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इस कार्यालय का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव विकास खारगे और राज्य के पंजीकरण महानिरीक्षक एवं मुद्रांक नियंत्रक रवींद्र बिनवडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली।

राज्य में प्रायोगिक आधार पर शुरू किए गए इस आदर्श कार्यालय में सरकारी पंजीकरण सेवाओं के साथ डिजिटल तकनीक, आधुनिक बुनियादी सुविधाएं और पेशेवर ग्राहक सेवा को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया है। यहां नागरिकों को पहले से निर्धारित अपॉइंटमेंट के अनुसार पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाया गया है, ताकि लोगों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और दस्तावेजों के पंजीकरण में पारदर्शिता बनी रहे।

अपॉइंटमेंट से लेकर दस्तावेजों की जांच तक तय होगी प्रक्रिया

इस कार्यालय में संपत्ति पंजीकरण कराने के लिए संबंधित पक्षकारों को निर्धारित अपॉइंटमेंट के दिन मूल दस्तावेज, पहचान पत्र, अपॉइंटमेंट की पुष्टि और शुल्क भुगतान की रसीद लेकर पहुंचना होगा। कार्यालय में प्रवेश से पहले सुरक्षा कर्मचारी अपॉइंटमेंट के समय और जरूरी दस्तावेजों की जांच करेंगे।

इसके बाद स्वागत कक्ष में मौजूद कर्मचारी दस्तावेजों का प्राथमिक सत्यापन करेंगे। नागरिकों को कतार प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से टोकन दिया जाएगा। इससे कार्यालय में भीड़ नियंत्रित रखने और अलग-अलग काउंटरों पर व्यवस्थित तरीके से सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

A model registration office, patterned after a passport office, has been opened in Lower Parel, Mumbai
Gold-Silver Price: मुंबई और नागपुर में महंगा हुआ सोना-चांदी, जानें 28 नवंबर के ताजा भाव

पंजीकृत दस्तावेजों का होगा डिजिटल रिकॉर्ड

पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों का अनुक्रमण, पृष्ठांकन, मुद्रांकन और स्कैनिंग की जाएगी। इसके बाद उन्हें सरकारी पंजीकरण प्रणाली में अपलोड किया जाएगा। इससे दस्तावेजों का सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। भविष्य में जरूरत पड़ने पर इन अभिलेखों को आसानी से उपलब्ध कराने और उनकी स्थिति का पता लगाने में भी सुविधा होगी।

स्कैनिंग और गुणवत्ता जांच पूरी होने के बाद पंजीकृत दस्तावेज तथा पावती नागरिकों को विधिवत प्राप्ति लेकर सौंपे जाएंगे। इस व्यवस्था से दस्तावेजों के रखरखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन में भी सुधार होने की उम्मीद है।

A model registration office, patterned after a passport office, has been opened in Lower Parel, Mumbai
कल्याण-डोंबिवली को मिलेगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा, KDMC रिंग रोड को वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मांग

नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं

आदर्श सह-दुय्यम निबंधक कार्यालय में अलग स्वागत कक्ष, नागरिक सहायता सेवा, कतार प्रबंधन प्रणाली, आरामदायक प्रतीक्षा कक्ष और आधुनिक कार्यालयीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार की इस पहल का उद्देश्य संपत्ति पंजीकरण के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों को कम करना है।

पासपोर्ट कार्यालय की तर्ज पर विकसित इस व्यवस्था को प्रायोगिक तौर पर शुरू किया गया है। इसके माध्यम से पंजीकरण सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, तकनीक आधारित और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संपत्ति की खरीद-बिक्री और अन्य दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए आने वाले नागरिकों को एक ही स्थान पर मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।