पंचतत्व में विलीन हुए पंकज उधास, फिल्म इंडस्ट्री समेत प्रशंसकों ने दी अंतिम विदाई

Pankaj Udhas Funeral
Published on
Updated on

नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई: मशहूर गायक पंकज उधास का मंगलवार को पूरे रीति-रिवाज का पालन करते हुए वर्ली स्थित हिंदी शमशान भूमि में अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने से पहले मुंबई स्थित उनके आवास पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने उनके अंतिम दर्शन किये और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान म्यूजिक कंपोजर-सिंगर शंकर महादेवन, तबला वादक जाकिर हुसैन, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और गीतकार तौफीक कुरैशी समेत अन्य हस्तियां उनके आवास पर पहुंची। दिवंगत गायक के शवयान को सैफ फूलों से सजाया गया था और वहीं एक स्पेशल बैंड के साथ उनकी अंतिम यात्रा उनके घर से करीब 3 बजे प्रस्थान की। शाम 5 बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी बेटी रेवा अपने आंसू रोक न पाई और बेहद ग़मगीन नजर आई। 

कैंसर के चलते निधन
गायक अनूप जलोटा ने मीडिया को खुलासा करते हुए बताया कि 72 वर्षीय पंकज पैंक्रियाटिक कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा, ‘जिस शख्स ने इतने सारे कैंसर मरीजों की मदद की, उनकी खुद कैंसर से मौत हो गई। यही जीवन है। उन्हें पैंक्रियाटिक कैंसर था। ये बात मुझे पिछले 5 से 6 महीने से पता थी और पिछले 2-3 महीने में उन्होंने मुझसे बात करना बंद कर दिया था, तो मुझे एहसास हुआ कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। 

मुझे बहुत दुख है कि इस बीमारी ने उनकी जान ले ली.' ज्ञात हो कि बॉलीवुड में, पंकज ने संजय दत्त की फिल्म ‘नाम’ के लिए प्रतिष्ठित गजल ‘चिट्ठी आई है’ गाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। उनके निधन से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। 

Navbharat Live
navbharatlive.com