दाऊद का घर नहीं था पाकमोडिया स्ट्रीट का मुसाफिरखाना, सिर्फ दो कमरों में रहता था अंडरवर्ल्ड डॉन

Dawood Ibrahim Mumbai House History: पाकमोडिया स्ट्रीट का मुसाफिरखाना दाऊद का घर नहीं था, वह सिर्फ दो कमरों में रहता था। लेखक जितेंद्र दीक्षित ने साझा किए अहम ऐतिहासिक तथ्य।
Dawood Ibrahim Mumbai House History
दाऊद इब्राहिमसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुसाफिरखाना इमारत दाऊद का पुश्तैनी घर या निजी संपत्ति नहीं थी।

  • दाऊद यहां सिर्फ दो कमरों में रहता था।

  • 1993 बम धमाकों की साजिश की बैठकें दुबई और कराची में हुई थीं।

  • लेखक जितेंद्र दीक्षित ने इमारत को लेकर फैली गलत जानकारियों को किया स्पष्ट।

  • दाऊद के नाम वाली मेहजबीन बिल्डिंग 1993 में गिराई गई थी।

Dawood Ibrahim Pakmodia Street Musafirkhana: मुंबई के पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसाफिरखाना इमारत को लेकर इन दिनों कई तरह की भ्रामक जानकारियां सामने आ रही हैं। इस बीच अपराध की दुनिया पर कई किताबें लिख चुके लेखक जितेंद्र दीक्षित ने इस इमारत और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुराने संबंधों को लेकर कई अहम तथ्य साझा किए हैं। उनके मुताबिक, जिस मुसाफिरखाना इमारत को लेकर तोड़ने की चर्चा हो रही है, वह न तो दाऊद का निवास स्थान है और न ही उसके परिवार के स्वामित्व वाली इमारत है।

जितेंद्र दीक्षित के अनुसार, दाऊद इब्राहिम इस इमारत के दक्षिणी हिस्से में दूसरी मंजिल पर बने सिर्फ दो कमरों में रहता था। जिस ढांचे को लेकर विवाद है, वह इसी इमारत के उत्तरी हिस्से में स्थित है। दाऊद 1986 तक अपने माता-पिता और भाइयों के साथ यहां रहा था।

इसके बाद वह दुबई चला गया। उसके माता-पिता अमीना और इब्राहिम की 1990 के शुरुआती वर्षों में मृत्यु होने तक इसी इमारत में रहते थे। इमारत के भूतल पर प्रवेश द्वार के पास का कुछ हिस्सा दाऊद के कब्जे में था, जिसका इस्तेमाल वह अपने कार्यालय के रूप में करता था।

दीक्षित ने अपने पुराने रिपोर्टिंग अनुभव का हवाला देते हुए बताया कि 1980 के दशक की शुरुआत में पठान गैंग के सदस्यों ने इस इमारत पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस हमले में दाऊद बाल-बाल बचा था।

वहीं, दिवंगत कस्टम अधिकारी दयाशंकर ने एक बार दाऊद के घर पर छापा मारकर उसके भाई अनीस को तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। उस समय दाऊद के एक अन्य भाई की शादी का जश्न चल रहा था। दयाशंकर अपनी निडरता और ईमानदारी के लिए जाने जाते थे।

Dawood Ibrahim Mumbai House History
शाही मेहमानों के लिए चमकती मुंबई, आम जनता को गंदगी क्यों? हाई कोर्ट ने बीएमसी को लगाई फटकार

सामने थी दाऊद की पत्नी के नाम पर बनी मेहजबीन बिल्डिंग

मुसाफिरखाना इमारत के ठीक सामने खाली भूखंड पर कभी आलीशान मेहजबीन बिल्डिंग हुआ करती थी। दाऊद इब्राहिम ने इस इमारत का नाम अपनी पत्नी के नाम पर रखा था। 1993 में तत्कालीन बीएमसी अधिकारी गोविंद खैरनार ने इस इमारत को ध्वस्त कर दिया था।

Dawood Ibrahim Mumbai House History
मुंबई के मुसाफिरखाना मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन रोकने की मांग, बॉम्बे हाईकोर्ट में 3 बजे होगी सुनवाई

दुबई और कराची में हुई थीं साजिश की बैठकें

जितेंद्र दीक्षित ने एक और अहम तथ्य स्पष्ट किया कि 1993 मुंबई शहर सीरियल बम धमाकों की साजिश रचने के लिए मुसाफिरखाना इमारत में कोई बैठक नहीं हुई थी। चार्जशीट के मुताबिक, साजिश से जुड़ी बैठकें दुबई और कराची में हुई थीं। इसलिए इस इमारत को 1993 बम धमाकों की साजिश का बैठक स्थल बताना गलत है।

दीक्षित के मुताबिक, ये जानकारियां 1990 के दशक के आखिरी वर्षों में पाकमोडिया स्ट्रीट पर उनकी अपनी रिपोर्टिंग और दाऊद के पूर्व सहयोगियों से मिले इनपुट पर आधारित हैं।