6 Shivsena UBT MPs To Join Shinde Camp: महाराष्ट्र की सियासत में आज एक बड़ा उलटफेर होने की प्रबल संभावना है, जिसे ऑपरेशन टाइगर के निर्णायक पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवसेना ठाकरे गुट के 6 बागी सांसदों के उद्धव गुट से अलग होने की औपचारिक घोषणा आज हो सकती है। इन सांसदों में संजय जाधव, संजय देशमुख, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल अष्टिकर और संजय दीना पाटिल के नाम शामिल हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच, धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर आज सुबह पुणे से धाराशिव के लिए रवाना हो गए हैं। विशेष बात यह है कि उनके काफिले में भारी पुलिस बंदोबस्त के साथ शिंदे गुट के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिसे राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों का बड़ा संकेत माना जा रहा है। निंबालकर ने स्पष्ट किया है कि वे अपने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के बाद ही कोई अंतिम फैसला लेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन 6 सांसदों ने पहले दिल्ली में एकनाथ शिंदे और उनके बेटे श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की थी। सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर एक औपचारिक पत्र भी सौंपा है, जिसमें उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय करने और सदन में बैठने की जगह बदलने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़ें: सड़क पर नमाज़ गलत तो रास्ता रोककर योग क्यों? मुंबई में मस्जिद के बाहर रास्ते पर याेग करने पर बरसीं रागिनी नायक
आज होने वाली संभावित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ अपनी मुलाकात के वीडियो फुटेज और तस्वीरों को सार्वजनिक कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि दो सांसद चेन्नई से और दो कोलकाता से मुंबई पहुँच रहे हैं, ताकि वे अपनी भूमिका स्पष्ट कर सकें। लोकसभा अध्यक्ष कार्यालय की ओर से भी इन सांसदों के स्वतंत्र समूह से जुड़े दस्तावेज आज सार्वजनिक किए जा सकते हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति में 'मशाल' छोड़कर 'धनुष-बाण' थामने की इस तैयारी ने उद्धव खेमे में हलचल तेज कर दी है। यदि आज ये 6 सांसद आधिकारिक रूप से अलग होते हैं, तो यह शिवसेना (UBT) के लिए एक बड़ा संगठनात्मक झटका साबित होगा। फिलहाल, पूरे राज्य की नजरें इन सांसदों के अगले कदम और 'ऑपरेशन टाइगर' के परिणाम पर टिकी हुई हैं।