तुम्हारे पास बंदूकें, तो हमारे पास तिरंगा, मुंबई में छात्रों की हुंकार, उद्धव ठाकरे का सरकार पर बड़ा हमला

NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक के विरोध में मुंबई के शिवाजी पार्क में विशाल तिरंगा रैली निकली। उद्धव ठाकरे और अमित ठाकरे ने छात्रों का समर्थन किया, पुलिस को कानूनी नोटिस।
Massive Tiranga rally held at Shivaji Park, Mumbai over NEET paper leak. Uddhav Thackeray & Amit Thackeray backed students demanding accountability.
मुंबई में छात्रों की हुंकार, (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

NEET Paper Leak Tiranga Rally Shivaji Park: नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में बड़ी तिरंगा रैली निकाली गई। हजारों छात्र और युवा हाथों में तिरंगा लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।

आंदोलन में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, मनसे नेता अमित ठाकरे समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। शिवाजी पार्क में भारी भीड़ के बीच आंदोलन पूरी तरह छात्रों के समर्थन और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग पर केंद्रित रहा।

हम सब हिंदुस्तानी हैं...

आंदोलनकारी छात्रों को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम सब की सबसे बड़ी और पहली पहचान यह है कि हम सब हिंदुस्तानी हैं। डर दिखाकर राज करने वालों को आज युवाओं की एकजुटता का यह दृश्य जरूर देखना चाहिए।

दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी लाठियां और बंदूकें ले आए, वे सामने तिरंगा लेकर खड़े रहेंगे। छात्रों और जनता के हाथ में तिरंगा है। इस तिरंगे से लड़ने की हिम्मत आज तक किसी की नहीं हुई है। इसलिए अब देखा जाएगा कि तिरंगा जीतता है या हुकूमशाही। उन्होंने साफ किया कि यह देश की जनता और युवाओं की आवाज है, जिसे दिल्ली की सत्ता को सुननी ही पड़ेगी।

आपकी आवाज दिल्ली तक पहुंच रही अमित

अमित ठाकरे ने कहा कि मुंबई में युवाओं के आंदोलन की गूंज अब दिल्ली तक सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने सरकार को बैकफुट पर ला दिया है। छात्र जिस साहस के साथ न्याय की लड़ाई लड़ रहे है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा है।

अमित ठाकरे ने कहा, हम यहां इसलिए आए हैं, ताकि किसी छात्र पर हाथ न उठे और किसी को डराया न जाए। आप जो कर रहे हैं, वह बिल्कुल सही है। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष जारी रखने की अपील की और बाद में प्रदर्शनकारियों के बीच खड़े होकर राष्ट्रगान में भी हिस्सा लिया।

छात्रों का पुलिस को कानूनी नोटिस

शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्षेत्र में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद हुई भीड़ को लेकर पुलिस कोई कार्रवाई करती है या नहीं। लेकिन इससे पहले 20 जुलाई के आंदोलन के बाद की गई कार्रवाई को चुनौती देते हुए छात्रों ने मुंबई पुलिस को कानूनी नोटिस भेजा है। एडवोकेट सागर देवरे के माध्यम से भेजे गए इस नोटिस में पुलिस पर छात्रों को अवैध रूप से हिरासत में लेने का आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि अगर 24 घंटे में जवाब नहीं मिला, तो वे हाई कोर्ट जाएंगे।

पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून जरूरी

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। शिंदे ने पेपर लीक के मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालते बनाने तथा दोषियों के लिए 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माने के प्रस्तावित प्रावधान का समर्थन किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com