

अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात की।
सुनेत्रा पवार ने विधायकों की बैठक बुलाई; पार्टी में विलय को लेकर अटकलें।
शरद पवार सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के अस्पताल में भर्ती।
Maharashtra Politics News: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर नए भूचाल के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को राकां अजीत पवार गुट के दो प्रमुख सीनियर नेता प्रफुल पटेल व सुनील तटकरे की अगुवाई में छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, हसन मुश्रीफ व दिलीप वलसे पाटिल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
खास बात यह रही कि इस मीटिंग में राकां की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार व उनके पुत्र पार्थ पवार मौजूद नहीं रहे। इस वजह से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। कहा जा रहा है कि राकां के कुछ सीनियर नेता बीजेपी के साथ विलय के पक्ष में हैं जबकि कुछ इसके विरोध में हैं।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर सीनियर नेताओं ने सुनेत्रा पवार व पार्थ के बिना अमित शाह से मिलने का फैसला क्यों किया। हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में मिली हार के बाद सीनियर नेता प्रफुल पटेल ने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व और पार्टी संचालन को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्टी को आत्ममंथन करने और संगठनात्मक ढांचे को सुधारने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
पटेल ने साफ तौर से कहा था कि इस तरह की हार हमारे लिए खतरे की घंटी है। एनसीपी के सतीश चव्हाण महाराष्ट्र विधान परिषद के छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से चुनाव हार गए थे।
एनसीपी के अंदर चल रहे अहम घटनाक्रम के बीच पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को अपने सभी विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। यह मीटिंग शाम 7 बजे देवगिरी बंगले में होगी।
दिल्ली में शाह के साथ हुई बैठक के बाद मुंबई शहर में एनसीपी की कोर कमेटी की बैठक हुई। सभी सीनियर नेताओं ने सुनेत्रा को शाह के साथ हुई मीटिंग को लेकर ब्रीफ किया और सफाई दी। हालांकि सुनेत्रा ने भविष्य में इस तरह की मीटिंग से पहले पूरी जानकारी देने को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी उनके हिसाब से ही चलेंगी।
एनसीपी (शरद गुट) के वरिष्ठ नेता शरद पवार को सांस लेते समय छाती में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपने दौरे के दौरान हुई बेमौसम बारिश के बाद उन्होंने आगे का दौरा रद्द कर दिया। एहतियात के तौर पर उन्हें फिलहाल चिकित्सा निगरानी में रखा गया है।