नवी मुंबई मनपा के 480 ठेका कर्मचारी धरने पर, कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद भी नहीं मिला नया करार

Navi Mumbai MNC के करीब 480 ठेका कर्मचारियों ने नया कॉन्ट्रैक्ट साइन न होने और बकाया सैलरी के विरोध में आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है।
Navi Mumbai Municipal Corporation News
नवी मुंबई महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Navi Mumbai Cotract Workers Protest: नवी मुंबई में ठेका पद्धति पर काम करने वाले कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। करीब 480 कर्मचारियों ने नवी मुंबई मनपा आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है।

कर्मचारियों का कहना है कि उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक नया कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया गया है। मनपा के विभिन्न विभागों में करीब 1068 कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर काम कर रहे हैं।

इनमें से 480 कर्मचारियों का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो चुका है। कर्मचारियों का आरोप है कि कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बावजूद उनसे लगातार काम कराया जा रहा है, लेकिन उन्हें नया करार नहीं दिया गया है और सैलरी भी बकाया है। इस वजह से कर्मचारियों को बिना वेतन के काम करना पड़ रहा है।

श्रमिक सेना ने पहले भी उठाया था मुद्दा

इस मुद्दे को लेकर श्रमिक संगठन पहले भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। श्रमिक सेना के पदाधिकारियों ने कई बार मनपा प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग की थी। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है।

प्रशासन से बातचीत बेनतीजा

श्रमिक सेना के अध्यक्ष राजू सिंह चव्हाण, उपाध्यक्ष सुनील गावित और महासचिव रामकृष्ण चव्हाण सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर नवी मुंबई मनपा के उपायुक्त से बातचीत करने की कोशिश की। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि बातचीत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन या निर्णय सामने नहीं आया।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नया कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया जाता और बकाया सैलरी का भुगतान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस मामले में निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत देनी चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com