

Navi Mumbai International Airport Passenger Growth: मुंबई के पास स्थित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बेहद कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू होने के सिर्फ चार महीने के भीतर ही यह एयरपोर्ट यात्रियों की संख्या के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ग्लोबल ट्रैवल डेटा के अनुसार, अब तक इस एयरपोर्ट से 3 लाख 93 हजार 819 यात्री सफर कर चुके हैं। इसी के साथ यह देश का 9वां सबसे व्यस्त घरेलू एयरपोर्ट बन गया है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए जल्द ही यह आंकड़ा 4 लाख के पार जाने की संभावना है।
फिलहाल Navi Mumbai International Airport से प्रतिदिन लगभग 150 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं, जबकि साप्ताहिक आंकड़ा करीब 1100 फ्लाइट्स का है। इंटरनेशनल सेवाएं शुरू न होने के बावजूद यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
एयरपोर्ट का पहला फेज अभी चालू है, जिसमें एक रनवे और एक टर्मिनल शामिल है। दूसरे रनवे और दूसरे टर्मिनल का काम तेजी से प्रगति पर है। इसके अलावा CIDCO ने तीसरे रनवे के निर्माण के लिए भी अध्ययन शुरू कराया है।
वर्तमान में यह एयरपोर्ट हर साल लगभग 20 मिलियन यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। योजना के अनुसार 2032 तक इसकी क्षमता बढ़ाकर 90 मिलियन यात्रियों प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है। उस समय यहां चार टर्मिनल पूरी तरह से संचालित होंगे।
आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के साथ यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभर सकता है। बढ़ती सुविधाओं और विस्तार योजनाओं के चलते नवी मुंबई एयरपोर्ट भविष्य में मुंबई के एयर ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा संभालने में सक्षम होगा।