नवी मुंबई में 1.55 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी; कंबोडिया तक जुड़े तार, गुजरात से इंजीनियर गिरफ्तार
Navi Mumbai Digital Arrest Case: नवी मुंबई में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.55 करोड़ रुपये की ठगी। पुलिस ने 24 वर्षीय इंजीनियर को गुजरात से गिरफ्तार किया। आरोपी ने बड़े खुलासे किए है।
- Written By: आकाश मसने
नवी मुंबई में 1.55 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी (सोर्स: AI)
Navi Mumbai Cyber Fraud: देश में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मासूम लोगों को अपना शिकार बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। महाराष्ट्र की नवी मुंबई पुलिस ने गुजरात से एक ऐसे 24 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है, जो देश में सिम कार्ड एक्टिवेट कर कंबोडिया में बैठे साइबर ठगों को सप्लाई करता था।
हैरान करने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी उमंग विजयभाई लाकोड पेशे से एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर है। उसने अब तक 1,000 से अधिक सिम कार्ड कंबोडिया तस्करी के जरिए भेजे हैं, ताकि उनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जा सके।
ठग ने खुद को बताया ATS का अधिकारी
नवी मुंबई पुलिस ने बताया कि इसी साल 23 मार्च से 31 मार्च के बीच पीड़ित को ठगी का निशाना बनाया गया। ठगों ने व्हाट्सऐप और सिग्नल ऐप के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और खुद को आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) का अधिकारी बताया। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नाम और लोगो वाला फर्जी पत्र तथा जाली गिरफ्तारी वारंट भेजकर पुलिस कार्रवाई की धमकी दी।
सम्बंधित ख़बरें
Truecaller पर सख्ती की तैयारी, सरकार के रडार पर आए Call Management Apps, जरूरी नंबर को भी बता रहा स्पैम
छत्रपति संभाजीनगर में तुर्की-उमरा यात्रा के नाम पर 10 लाख की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट देकर ट्रैवल्स संचालक फरार
डेटा चोरी, डिजिटल ब्लैकमेलिंग और अब आतंकी कनेक्शन की जांच! नागपुर पुलिस की गिरफ्त में आया शातिर साइबर ठग
Loan App Scam: ऑनलाइन लोन के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, नागपुर पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड
ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर डराया। फिर पीड़ित को कानूनी कार्रवाई से बचाने के नाम पर उन्होंने कई बैंक खातों की जानकारी ली और पीड़ित पर कुल 1 करोड़ 54 लाख 98 हजार रुपये ट्रांसफर करने का दबाव डाला।
तकनीकी विश्लेषण से दबोचा गया आरोपी
करोड़ों की ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नवी मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। अपराध में इस्तेमाल किए गए व्हाट्सऐप अकाउंट, सिग्नल प्रोफाइल और मोबाइल नंबरों को ट्रैक करते हुए पुलिस की टीम गुजरात पहुंची। आखिरकार, 3 जुलाई को पुलिस ने अहमदाबाद के अमराईवाड़ी निवासी उमंग विजयभाई लाकोड को वडोदरा से धर दबोचा।
कंबोडिया भेजे जा रहे थे सिम कार्ड
नवी मुंबई पुलिस ने आरोपी के पास से अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के 347 सिम कार्ड के पैकेट, 3 मोबाइल फोन, 2 डेबिट कार्ड, 6 चेकबुक, एक पासबुक और 2 आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक लाकोड ने कथित तौर पर पीड़ित को निशाना बनाने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड सक्रिय किए और उन्हें कंबोडिया भेजा। नवी मुंबई पुलिस की जांच में पता चला है कि वह अब तक 1,000 से अधिक सिम कार्ड सक्रिय कर कंबोडिया भेज चुका है।
यह भी पढ़ें:- गणपति बप्पा पर भी बाढ़ का कहर! रायगड के पेण में बही हजारों मूर्तियां, मूर्तिकारों का करोड़ों का नुकसान
पुलिस ने जनता से की ये अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे टेलीग्राम, इंस्टाग्राम या व्हाट्सऐप पर शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे का लालच देने वाले अनचाहे संदेशों का जवाब न दें और न ही उनके द्वारा भेजी गई किसी फाइल को डाउनलोड करें। पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1930 पर फोन करना चाहिए।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
