नवंबर से उड़ान भरेगा नवी मुंबई एयरपोर्ट, सिडको की तैयारियां पूरी, 9 करोड़ यात्रियों को मिलेगी राहत

Mumbai News: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नवंबर से उड़ानें शुरू होंगी। सिडको और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उद्घाटन की तैयारी तेज कर दी है। 9 करोड़ यात्रियों को मिलेगी राहत मिलेगी।
नवी मुंबई हवाई अड्डे पर नवंबर से उड़ानें शुरू (pic credit; social media)
नवी मुंबई हवाई अड्डे पर नवंबर से उड़ानें शुरू (pic credit; social media)
Updated on

Navi Mumbai Airport: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होने जा रहा है। सिडको और नवी मुंबई एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जोर-शोर से उद्घाटन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस महीने के आखिर में हवाई अड्डे का उद्घाटन किया जाएगा। इसकी पुष्टि खुद सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने की है।

उल्वे नोड, पनवेल के पास 1,160 हेक्टेयर में बने इस अत्याधुनिक हवाई अड्डे की वार्षिक क्षमता 9 करोड़ यात्रियों की होगी। इसके शुरू होने से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दबाव काफी हद तक कम होगा। मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नासिक और कोंकण के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

आधुनिक बुनियादी ढांचा

नवी मुंबई एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे, गोवा हाईवे और जेएनपीटी पोर्ट के पास होने से यात्रियों का सफर आसान होगा। मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक यानी अटल सेतु पुल से एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाएगी। इसे भी पढ़ें- भिवंडी से नवी मुंबई तक गूंजेगी कार रैली, 2 हजार कारों का काफिला दि.बा पाटील को देगा सम्मान

परिवहन सुविधाओं का विस्तार

यात्रियों की सुविधा के लिए बेलापुर-पेंडहर मेट्रो लाइन को उल्वे तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है। पनवेल स्टेशन को क्षेत्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पुणे और कोंकण के यात्रियों के लिए सीधी शटल सेवाएं शुरू होंगी। एमएसआरटीसी की ओर से ठाणे, वाशी, दादर और पनवेल से एयरपोर्ट एक्सप्रेस बसें भी चलाई जाएंगी। इनमें इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता मिलेगी।

टाउनशिप और रोजगार के अवसर

सिडको की ओर से 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा खारघर, उल्वे और पनवेल में टाउनशिप, बिजनेस पार्क और लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा रहे हैं। इससे रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।

बहु-एयरपोर्ट सिस्टम में शामिल होगा मुंबई

दुबई, लंदन और न्यूयॉर्क की तरह अब मुंबई भी दो एयरपोर्ट की सुविधा वाला शहर बन जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सिर्फ एक नया टर्मिनल नहीं बल्कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com