

संजय सावकारे ने सहकारी संस्थाओं के लिए सरल नियमावली बनाने की जरूरत बताई।
निजीकरण के बढ़ते प्रभाव को सहकार क्षेत्र के सामने चुनौती बताया।
प्रवीण दरेकर ने कहा कि सहकारी संस्थाओं की आलोचना आसान, उनका संचालन कठिन है।
मुंबई जिला बैंक की ओर से करीब छह हजार मिल कामगारों को वित्तीय सहायता देने की जानकारी दी।
नवराष्ट्र को-ऑपरेटिव समिट में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
Navarashtra Cooperative Summit 2026 Award Ceremony: महाराष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में सहकार क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस क्षेत्र को नई मजबूती देने और सहकारी संस्थाओं के कामकाज को अधिक सुगम बनाने के लिए मौजूदा कानूनों और नियमों में आवश्यक बदलाव किए जाने चाहिए। यह विचार महाराष्ट्र के वस्त्रोद्योग मंत्री संजय सावकारे ने व्यक्त किए।
वहीं, मुंबई जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रवीण दरेकर ने कहा कि सहकारी संस्थाओं की आलोचना करना आसान है, लेकिन उन्हें चलाना बेहद कठिन है। किसी एक संस्था की गलती के लिए पूरी सहकारिता आंदोलन को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
नवभारत ग्रुप के दैनिक नवराष्ट्र की ओर से मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित 'नवराष्ट्र को-ऑपरेटिव समिट 2026' एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दोनों नेताओं ने सहकार क्षेत्र की चुनौतियों, संभावनाओं और सामाजिक योगदान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विधायक अभिजीत पाटील, संपादक संजय मलमे सहित सहकार क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत संपादक संजय मलमे, नवभारत ग्रुप के प्रेसिडेंट स्टीवेन सिंह, वाइस प्रेसिडेंट हेमंत कुलकर्णी ने किया। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
मंत्री संजय सावकारे ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य के निर्माण और विकास में सहकारिता आंदोलन का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। इसी महत्व को देखते हुए केंद्र सरकार ने अलग सहकारिता मंत्रालय बनाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपा जाना भी राष्ट्रीय स्तर पर सहकार क्षेत्र के महत्व को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं ने किसानों से लेकर श्रमिकों तक विभिन्न वर्गों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में सहकार क्षेत्र के विस्तार में कमी चिंता का विषय है। निजीकरण के बढ़ते प्रभाव के बीच सहकारी संस्थाओं को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
सावकारे ने कहा कि सहकारी संस्थाओं में सामूहिक सहमति से निर्णय लेने पड़ते हैं, जबकि निजी संस्थाओं में मालिक स्वयं निर्णय ले सकता है। जिला बैंक और दुग्ध संघ के कामकाज से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के कानून काफी जटिल हैं। बायलॉज तैयार करने के दौरान भी नियमों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा होती है। इसलिए सहकारी संस्थाओं के लिए सरल और एकरूप नियमावली बनाई जानी चाहिए। उन्होंने चीनी मिलों और सूत मिलों की आर्थिक परेशानियों का उल्लेख करते हुए सहकार क्षेत्र के प्रतिनिधियों से कानून में जरूरी संशोधनों के सुझाव सरकार तक पहुंचाने की अपील की।
प्रवीण दरेकर ने कहा कि सहकारी संस्थाओं पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन संस्था का संचालन करना बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती का काम है। आलोचना करने वालों को एक बार स्वयं संस्था चलाकर देखना चाहिए। उन्होंने मीडिया से अपील की कि सहकार क्षेत्र की सकारात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों को भी प्रमुखता से स्थान दिया जाए। दरेकर के अनुसार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था काफी हद तक सहकारिता पर निर्भर है, लेकिन इसका योगदान केवल गांवों तक सीमित नहीं है। मुंबई जैसे महानगर के विकास में भी सहकारी बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुंबई जिला बैंक ने सेल्फ डेवलपमेंट के माध्यम से अनेक लोगों को घर का सपना पूरा करने के लिए वित्तीय सहायता दी है।
उन्होंने बताया कि मुंबई के मिल कामगारों को जब दूसरी बैंकें कर्ज देने के लिए तैयार नहीं थीं, तब सहकारी बैंक ने उनका साथ दिया। लगभग छह हजार मिल कामगारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। दरेकर ने दावा किया कि इन कर्जों में से एक भी कर्ज आज तक बकाया नहीं है। इसी तरह माथाडी कामगारों को भी पतपेढ़ियों के माध्यम से आर्थिक सहायता देकर आवास निर्माण में मदद की गई।
उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के जरिए किसानों से सीधे ग्राहकों तक कृषि उत्पाद, अनाज और सब्जियां पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। सहकारी ग्राहक नेटवर्क और वित्तीय सहायता के माध्यम से इस व्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य है। दरेकर ने कहा कि किसी एक संस्था की गलती के आधार पर पूरे सहकारिता आंदोलन को गलत नहीं ठहराया जा सकता। इस क्षेत्र की असली ताकत उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता और जरूरतमंदों को सहयोग देने की भावना है।
समारोह के अंत में सहकार क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन से जुड़े लोगों के कार्यों को व्यापक पहचान और सम्मान दिलाना है।