व्हाट्सएप स्टेटस पर कमेंट बना मौत की वजह, नालासोपारा में युवक की चाकू मारकर हत्या

Nalasopara East में व्हाट्सएप स्टेटस पर किए गए अश्लील कमेंट को लेकर हुए विवाद में 24 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Whatsapp Status
व्हाट्सअप स्टेटस (सौ : सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Whatsapp Status Murder Case: नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर इलाके में एक मामूली सोशल मीडिया विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी के व्हाट्सएप स्टेटस पर अश्लील टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में 24 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आफताब शेख के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आफताब शेख अपनी पत्नी शबाना शेख (22) के साथ नालासोपारा पूर्व में रहता था। शुक्रवार को उनकी शादी की सालगिरह थी। इसी दौरान शबाना ने अपने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस पोस्ट किया। स्टेटस देखने के बाद मेहंदी हसन शेख (22) ने उस पर कथित रूप से अश्लील कमेंट कर दिया।

जवाब मांगने पहुंचे, हुई बहस

व्हाट्सएप स्टेटस पर कमेंट को लेकर आपत्ति जताते हुए शबाना और आफताब आरोपी के घर स्पष्टीकरण मांगने पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मेहंदी हसन ने गुस्से में आकर आफताब पर चाकू से हमला कर दिया।

मौके पर ही हुई मौत

हमला इतना गंभीर था कि आफताब शेख की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बढ़ते विवादों और उनके खतरनाक परिणामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com