

Mumbai Watermelon Death Case: दक्षिण मुंबई के व्यस्त इलाके पायधुनी से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पिछले महीने एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जांच में पता चला कि यह मौतें तरबूज पर चूहे मारने वाली दवा (Rat Poison) के संपर्क में आने के कारण हुई हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और दुख का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना के बारे में बताते हुए एक पड़ोसी ने कहा, यह सुनकर हम सब सन्न रह गए। हमें समझ नहीं आ रहा कि सच क्या है और कौन क्या कह रहा है। जब रविवार सुबह हम जागे, तब इस पूरी घटना का पता चला। परिवार की सबसे छोटी बेटी तो घर पर ही दम तोड़ चुका था। यह देखना बहुत ही दुखद था।
इलाके में चूहों के बढ़ते आतंक को लेकर पड़ोसियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, इस इलाके में चूहों की समस्या बहुत गंभीर है। हमने कई बार बीएमसी (BMC) से शिकायत की है कि यहाँ साफ-सफाई कराई जाए और चूहों से निजात दिलाई जाए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
मोहल्ले वालों के अनुसार, पीड़ित परिवार बहुत ही मिलनसार था। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार के सभी लोग अच्छे थे और घर की महिला बहुत ही हंसमुख स्वभाव की थी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक रात का खाना पूरे परिवार के लिए आखिरी साबित होगा।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में तरबूज खाया था। आशंका है कि उस तरबूज या घर के किसी खाने के सामान में अनजाने में चूहे मारने वाली दवा मिल गई थी। जहर का असर इतना घातक था कि परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं और विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।