मुंबई के वडाला भक्ति पार्क सिग्नल पर चलो बस का तांडव! कार को BEST बस के नीचे घुसाया, 5 घायल; दो की हालत गंभीर

Mumbai Wadala BUS Accident: मुंबई के वडाला भक्ति पार्क सिग्नल पर चलो बस ने दो कारों को पीछे से टक्कर मारी। हादसे में पांच लोग घायल, दो की हालत गंभीर; एक पालतू कुत्ता भी जख्मी।
Wadala Bhakti Park Signal BEST Bus Accident
वडाला भक्ति पार्क सिग्नल बेस्ट बस दुर्घटना सोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • वडाला के भक्ति पार्क सिग्नल पर सोमवार रात करीब 9 बजे हादसा।

  • पीछे से आई निजी ऑपरेटर की चलो बस ने दो कारों को मारी टक्कर।

  • हादसे में पांच लोग घायल, दो की हालत गंभीर।

  • एक कार टक्कर के बाद बीईएसटी बस के पिछले हिस्से के नीचे घुस गई।

Wadala Bhakti Park Signal BEST Bus Accident: मुंबई के वडाला स्थित भक्ति पार्क सिग्नल पर सोमवार रात चलो बस ने पीछे से दो कारों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। टक्कर के बाद एक कार बीईएसटी बस के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसी। एक पालतू कुत्ता भी जख्मी हुआ है।

वडाला में अनियंत्रित चलो बस का तांडव

मुंबई शहर, वडाला के भक्ति पार्क सिग्नल पर सोमवार रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। सिग्नल पर खड़ी दो कारों को पीछे से आ रही निजी ऑपरेटर की चलो बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रही एक कार बीईएसटी बस के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसी। इस हादसे में दोनों कारों में सवार पांच लोग घायल हो गए। एक पालतू कुत्ता भी जख्मी हुआ है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीछे से आई बस ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, बीईएसटी बस (MH01 CR 3014) कोलाबा डिपो से गावणगांव की ओर जा रही थी। भक्ति पार्क सिग्नल पर बस रुकी हुई थी। उसके पीछे दो कारें भी सिग्नल खुलने का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी ऑपरेटर की चलो बस (MH43 CE 1612) ने सबसे पीछे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के प्रभाव से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कारों में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

Wadala Bhakti Park Signal BEST Bus Accident
जलगांव सहकारी बैंक चुनाव में नए सियासी समीकरण! महायुति की साझा रणनीति परवान पर, महाविकास आघाड़ी में खींचतान

दो घायलों की हालत गंभीर

घायलों की पहचान शिवानी पाल (63), हसन शेख (33), गणेश इंद्रपाल (75), बालाजी पांडुरंग (37) और मधु पाल (28) के रूप में हुई है। शिवानी पाल और हसन शेख के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।

गणेश इंद्रपाल के सिर और सीने में चोट लगी है। वहीं, बालाजी पांडुरंग के बाएं हाथ और मधु पाल के सिर तथा बाएं हाथ में चोट आई है। हादसे में एक पालतू कुत्ता भी घायल हुआ है।

Wadala Bhakti Park Signal BEST Bus Accident
भंडारा में किसानों को आधुनिक खेती का प्रशिक्षण, जैविक कृषि और नई तकनीकों से बढ़ेगी आय

क्रेन से हटाए गए वाहन

घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कारों और बीईएसटी बस को सड़क से हटाया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सायन अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में दो कारें (MH02 GS 1660 और MH48 D 4090), चलो बस और बीईएसटी बस शामिल थीं। बीईएसटी के अधिकारियों और निरीक्षण टीम ने घटनास्थल के साथ सायन अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच और आवश्यक समन्वय किया।