मुंबई: शिवाजी पार्क में पटाखों से फैले प्रदूषण पर भड़के स्थानीय लोग, पुलिस स्टेशन पहुंचकर की शिकायत

Pollution at Shivaji Park: मुंबई के शिवाजी पार्क में दिवाली पर आतिशबाजी से फैले धुएं के खिलाफ स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की। अंधेरी में PM2.5 का स्तर 597 तक पहुंचा।
mumbai shivaji park firecrackers pollution local residents police complaint
मुंबई में प्रदूषण(सोर्स: IANS)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • शिवाजी पार्क मैदान में दीपावली के दिन लोगों ने जमकर आतिशबाजी की थी।

  • धुएं और तेज आवाज से परेशान होकर स्थानीय निवासी पुलिस स्टेशन पहुंचे।

  • पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर लोगों ने विरोध की चेतावनी दी।

Mumbai Shivaji Park Firecrackers Pollution: दीपावली पर मुंबई की हवा दिन के समय पिछले कुछ वर्षों की तुलना में साफ रही, लेकिन शाम होते ही आतिशबाजी ने प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा दिया।

शहर के शिवाजी पार्क में बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े जाने से आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया। इससे नाराज स्थानीय निवासियों ने सोमवार को शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पटाखे फोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए।

शिवाजी पार्क में आतिशबाजी पर बवाल

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, लक्ष्मी पूजन के दिन शिवाजी पार्क मैदान में बड़ी संख्या में लोग दीपावली मनाने पहुंचे थे। इस दौरान मैदान में जमकर आतिशबाजी की गई। पटाखों से निकलने वाले धुएं और तेज आवाज के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की गश्त मौजूद होने के बावजूद पटाखे फोड़ने वालों के खिलाफ कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को स्थानीय निवासी पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह पटाखे फोड़कर प्रदूषण फैलाया गया, तो वे इसका विरोध करेंगे। अब इस मामले में पुलिस और मुंबई महानगरपालिका की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजर है।

mumbai shivaji park firecrackers pollution local residents police complaint
किसी की दिवाली न बिगाड़ दें आपके पटाखे! मुंबई में आग की 137 घटनाओं के बाद मेयर रितू तावड़े की अपील

दिन में साफ रही मुंबई की हवा, रात में तेजी से बढ़ा प्रदूषण

दीपावली के दिन मुंबई का औसत AQI 132 दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में दर्ज 188 के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत कम था। रविवार दोपहर करीब 1 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के डैशबोर्ड पर मुंबई शहर का AQI 131 दर्ज किया गया। यह पिछले चार वर्षों में दीपावली की दोपहर के सबसे बेहतर आंकड़ों में से एक रहा। तुलना करें तो 2025 में इसी समय AQI 194, 2024 में 181 और 2023 में 149 दर्ज किया गया था।

दिन के समय हवा की गुणवत्ता बेहतर रहने के पीछे अनुकूल मौसम और तेज समुद्री हवाओं को प्रमुख कारण माना गया। इन हवाओं ने प्रदूषकों को फैलाने में मदद की। हालांकि, शाम को पटाखों की आतिशबाजी शुरू होने के बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा और शहर के कई हिस्सों में धुंध छा गई।

mumbai shivaji park firecrackers pollution local residents police complaint
दिवाली के बाद मुंबई-नागपुर की हवा में बढ़ा प्रदूषण, पुणे और नासिक का AQI भी 100 पार; पढ़ें पूरी लिस्ट

अंधेरी में PM2.5 का स्तर 597 तक पहुंचा

पटाखों के धुएं का असर शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण के आंकड़ों में भी दिखाई दिया। अंधेरी में PM2.5 का स्तर रात 8 बजे 42 था, जो अगले दो घंटों के भीतर बढ़कर 597 तक पहुंच गया। मलाड में PM2.5 की सांद्रता 606 तक दर्ज की गई। वहीं, चेंबूर में रात 10 बजे PM10 का स्तर 480 तक पहुंच गया।

ये आंकड़े बताते हैं कि दिन में अपेक्षाकृत साफ रही मुंबई की हवा आतिशबाजी के बाद कई इलाकों में तेजी से प्रदूषित हुई। शिवाजी पार्क के स्थानीय निवासियों की शिकायत ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान आतिशबाजी, ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।