

Mumbai Local Virar - Dahanu Train: मुंबई के उपनगरीय यात्रियों के लिए नए साल में एक बड़ी राहत की संभावना है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से विरार से दहानू के बीच पहली बार 15 कोच वाली लोकल ट्रेन चलाने का प्लान तैयार किया है। इस रूट पर लगातार बढ़ रही जनसंख्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। ऑपरेटिंग विभाग ने यह प्रस्ताव बोर्ड को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही विरार–दहानू के बीच चल रही 12 कोच लोकल को 15 कोच रेक से बदला जाएगा। शुरुआती चरण में 6 लोकल सेवाएँ 15 कोच की रहेंगी।
1 जनवरी 2026 से एक्सप्रेस ट्रेनों का नया टाइमटेबल लागू होगा, जबकि लोकल ट्रेनों के लिए नया शेड्यूल मार्च या अप्रैल में लागू किया जाएगा। नई जानकारी के अनुसार, चर्चगेट और विरार के बीच 10 से 12 अतिरिक्त सर्विस शुरू करने की योजना है। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी 2026 तक पश्चिम रेलवे को एक नई एसी रेक भी मिल सकती है। एक रेक बढ़ने पर 10 एसी सर्विसेज बढ़ाई जा सकती हैं।
मेट्रो से रोजाना यात्रा करने वालों के लिए भी अच्छी खबर है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRC) ने पहली बार मेट्रो-3 यात्रियों के लिए ‘मेट्रो कनेक्ट-3’ ऐप के जरिए डिस्काउंटेड मंथली पास की सुविधा लॉन्च की है, जिससे रोज सफर करने वाले लोगों का खर्च घटेगा।
नई योजना के तहत 60-ट्रिप पास पर 15% छूट और 45-ट्रिप पास पर 10% छूट मिलेगा। मेट्रो-3 में रोज करीब 1.5 लाख यात्री यात्रा करते हैं, ऐसे में यह ऑफर बड़े पैमाने पर यात्रियों को आर्थिक राहत देगा और अधिक लोगों को मेट्रो का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। डिस्काउंटेड मंथली पास से मेट्रो-3 को चुनने वाले यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है।