

Mumbai Share Trading Fraud Accused Arrested: मुंबई पुलिस के उत्तरी क्षेत्र की साइबर सेल ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 89 लाख की धोखाधड़ी करने वाले दो चचेरे भाइयों को नाशिक से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान योगेश्वर जगन्नाथ कुठे और ऋषिकेश भगवत कुठे के रूप में हुई है। दोनों नासिक जिले के निफाड तहसील के पिंपलगांव गांव के निवासी हैं। जांच में पता चला कि इन दोनों ने साइबर जालसाजों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
जिसमें धोखाधड़ी की गई लगभग 51 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी। आरोपियों ने इन लेन-देन को सुविधाजनक बनाने के बदले भारी कमीशन लिया था। गोरेगांव के फिल्म सिटी रोड निवासी 54 वर्षीय शिकायतकर्ता, जो हाल ही में नौकरी खो चुके थे।
सोशल मीडिया पर शेयर ट्रेडिंग से उच्च रिटर्न का विज्ञापन देखकर वे एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हो गए। ग्रुप में दिखाए गए उच्च लाभ के दावों से प्रभावित होकर उन्होंने 10 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक प्लेटफॉर्म पर करीब 89 लाख रुपये निवेश कर दिए। शुरू में उन्हें मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने सेबी जांच का बहाना बनाकर खाते फ्रीज होने का झूठा दावा किया था। बाद में अतिरिक्त 20% राशि जमा करने का दबाव डाला गया। गौरतलब है कि इन दिनों में मुनाफे की लालच के चलते धोखाधड़ी के मामले में काफी भारी बढ़त देखने के लिए मिल रही है।