

अक्टूबर 2026 में मुंबई में 12,690 प्रॉपर्टी का पंजीकरण हुआ।
पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले रजिस्ट्रेशन में 9% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
स्टांप ड्यूटी से सरकारी राजस्व बढ़कर ₹1,173 करोड़ पहुंचा।
Festive Season Growth In Property Sales: इस त्योहारी सीजन में अन्य उपभोक्ता बाजारों की तरह मुंबई महानगर क्षेत्र के रियल एस्टेट बाजार में रौनक दिखाई पड़ रही है। नवरात्रि से लेकर धनतेरस और दिवाली तक घर खरीदने वालों की दिलचस्पी देखने को मिली है। महाराष्ट्र सरकार के पंजीकरण विभाग के आंकड़े तो यही बता रहे हैं।
अक्टूबर 2026 में मुंबई में 12,690 प्रॉपर्टी का पंजीकरण हुआ, जो पिछले वर्ष के इसी महीने के 11,649 पंजीकरण के मुकाबले 9 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान स्टांप ड्यूटी से सरकारी राजस्व भी 13 प्रतिशत बढ़कर 1,173 करोड़ रुपये पहुंच गया। अफोर्डेबल के साथ प्रीमियम और लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट में मजबूत बिक्री के चलते नवंबर में भी अच्छे आंकड़ों की उम्मीद जताई जा रही है।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार बाजार में एंड-यूजर यानी खुद के इस्तेमाल के लिए घर खरीदने वालों की भागीदारी महत्वपूर्ण रही। मुंबई में 2बीएचके घर सबसे पसंदीदा विकल्प बनकर उभरे हैं। मैजिकब्रिक्स की प्रॉपइंडेक्स रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान कुल आवासीय मांग में 2 बीएचके फ्लैट की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत, 1 बीएचके की 34 प्रतिशत और 3 बीएचके की 18 प्रतिशत रही।
खरीदारों के भरोसे का संकेत कोलियर्स के 2026 होमबाइंग सर्वे में भी मिलता है। सर्वे में 54 प्रतिशत संभावित खरीदारों ने माना कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता का भारतीय रियल एस्टेट पर सीमित असर होगा, जबकि 62 प्रतिशत खरीदारों ने 2 और 3 बीएचके घरों को प्राथमिकता दी है।
देश की आर्थिक राजधानी में मिलियनर की बढ़ती संख्या के कारण लग्जरी आवास बाजार में भी मांग मजबूत बनी हुई है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच मुंबई में 5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों के 3,145 सौदे हुए, जिनका कुल मूल्य 32,623 करोड़ रुपये रहा।
दक्षिण मुंबई के साथ वरली, परेल, महालक्ष्मी और वडाला तथा पश्चिमी उपनगरों में लक्जरी हाउसिंग की बिक्री सबसे अधिक हुई। इसके साथ साथ मुंबई के बाहर नवी मुंबई, ठाणे जिला,कल्याण, पनवेल इन एमएमआर इलाकों में अफोर्डेबल हाउसिंग पर लोगों की नजरें लगी हुईं हैं।
जेवीएम स्पेसेज के पार्टनर सीए मंथन मेहता का कहना है कि दिवाली के त्योहारी सीजन में मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में सकारात्मक रुझान देखने को मिला है। किफायती और मध्यम आय वर्ग के घरों की मांग अधिक है, खासकर पहली बार घर खरीदने वालों में उत्साह है।
हालांकि, जमीन और निर्माण लागत में बढ़ोतरी किफायती आवास की राह में बड़ी चुनौती बनी हुई है। महानगर में बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे का विकास और आसान भुगतान योजनाएं आवासीय मांग को दिवाली के बाद भी बढ़ावा देंगी। ठाणे, कल्याण-डोंबिवली सहित एमएमआर के उभरते क्षेत्र किफायती आवास के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे.
तत्वम बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के प्रबंध निदेशक राहुल मारू का कहना है कि लग्जरी प्रॉपर्टी बाजार में भी ₹32,000 करोड़ से अधिक के सौदे मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में खरीदारों की अच्छी दिलचस्पी दर्शाता है। नवरात्रि 2026 की शुरुआत से ही धनतेरस और दिवाली तक यह उत्साह और मजबूत हुआ है।
खासतौर पर वन और टू बीएचके घरों के लिए एंड-यूजर की मांग अच्छी है। वहीं, प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट में भी निवेशकों तथा घर खरीदारों का भरोसा कायम है। दिवाली के बाद भी मार्केट में अच्छे संकेत मिल रहे हैं।