मुंबई रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल नीर’ की कालाबाजारी, 14 रुपये की बोतल 20 में बेचने का आरोप

Mumbai Rail Neer Overpricing: मुंबई में बढ़ती गर्मी के बीच रेलवे स्टेशनों पर पानी की मांग बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ स्टॉलों पर ‘रेल नीर’ की 14 रुपये वाली बोतल यात्रियों को 20 रुपये में बेची।
Rail Neer
Rail Neer (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Railneer Overpricing In Mumbai: मुंबई में लगातार बढ़ती गर्मी के कारण रेलवे स्टेशनों पर पीने के पानी की मांग तेजी से बढ़ गई है। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए पश्चिम रेलवे के मुंबई डिवीजन के कुछ अधिकृत स्टॉलों पर ‘रेल नीर’ पानी की बोतल निर्धारित कीमत से अधिक पर बेचे जाने का मामला सामने आया है।

यात्रियों ने आरोप लगाया है कि कुछ स्टॉल संचालक एमआरपी से ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं। रविवार को चर्चगेट और महालक्ष्मी रेलवे स्टेशनों पर एक लीटर ‘रेल नीर’ की बोतल, जिसकी अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) 14 रुपये निर्धारित है, यात्रियों को 20 रुपये में बेची जाती हुई देखी गई। इससे यात्रियों में नाराजगी देखी गई और कई लोगों ने इसे नियमों का खुला उल्लंघन बताया।

रेलवे नियमों के खिलाफ वसूली

रेलवे के नियमों के अनुसार अधिकृत स्टॉलों पर किसी भी पैक्ड उत्पाद को उसकी अधिकतम खुदरा कीमत से अधिक पर बेचना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ स्टॉल संचालक कथित तौर पर प्रति बोतल करीब 6 रुपये अतिरिक्त वसूल रहे हैं।

भीड़ और जल्दबाजी का उठाया जा रहा फायदा

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर भीड़ और जल्दबाजी के कारण कई लोग विवाद करने के बजाय ज्यादा कीमत देकर पानी खरीदने को मजबूर हो जाते हैं। खासकर गर्मी के मौसम में पानी की तत्काल जरूरत होने के कारण लोग अतिरिक्त पैसे देने से बच नहीं पाते।

कम कीमत में मिलता है स्टॉल संचालकों को पानी

सूत्रों के अनुसार ‘रेल नीर’ की एक बोतल स्टॉल संचालकों को करीब 9 रुपये में उपलब्ध होती है। ऐसे में एमआरपी से अधिक कीमत पर बिक्री कर कुछ संचालक अतिरिक्त मुनाफा कमा रहे हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से इस मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com