पूनम गार्डन में CCTV बंद, सुरक्षा पर संकट; कांग्रेस ने ठेकेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग
Mumbai News: मीरा रोड के पूनम गार्डन में CCTV कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। करोड़ों खर्च के बावजूद व्यवस्था ध्वस्त है। कांग्रेस प्रवक्ता ने मनपा से दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी जांच की मांग की।
- Written By: सोनाली चावरे
पूनम गार्डन में CCTV बंद (pic credit; social media)
Poonam Garden CCTV cameras off: मीरा रोड प्रभाग क्रमांक 18 के पूनम गार्डन क्षेत्र में लगाए गए कई CCTV कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। इससे नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हैरानी की बात है कि महानगरपालिका (MBMC) हर साल इन कैमरों के रखरखाव और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन ठेकेदारों और अधिकारियों की लापरवाही से नागरिकों को सुविधा के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस प्रवक्ता रविंद्र खरात ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए मनपा आयुक्त एवं प्रशासक राधाविनोद शर्मा को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने कहा कि टैक्सदाताओं के पैसों की बर्बादी और नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। खरात ने मांग की है कि दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो और शहर भर में लगे सभी कैमरों की तत्काल जांच की जाए।
नागरिकों की सुरक्षा दांव पर
शहर में अपराध रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मनपा ने करोड़ों रुपये खर्च कर सैकड़ों CCTV कैमरे लगाए थे। बावजूद इसके, पूनम गार्डन समेत कई इलाकों में कैमरे बंद, खराब या लटके हालत में पाए गए। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ रहा है बल्कि मनपा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर को ‘नेक्स्ट वेव आईटी हब’ बनाने पर जोर, एयर कनेक्टिविटी और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
उद्धव ठाकरे इतने बड़े नेता नहीं कि चुनाव निर्विरोध हो; निरुपम का तीखा हमला, MLC चुनाव में बड़े उलटफेर के संकेत
नागपुर SBL फैक्ट्री विस्फोट: हाई कोर्ट सख्त, 5 अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
छत्रपति संभाजीनगर में आधी रात को अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, 6 पर केस दर्ज; रशीदपुरा में मची खलबली
पारदर्शी रिपोर्ट की मांग
खरात का कहना है कि यदि भारी बजट खर्च करने के बाद भी कैमरे चालू हालत में नहीं हैं तो यह सीधा नागरिकों के साथ अन्याय है। उन्होंने पारदर्शी रिपोर्ट जारी कर नागरिकों को वास्तविक स्थिति बताने की भी मांग की है।
रखरखाव पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रखरखाव और मरम्मत का ठेका तो दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आता। ऐसे में टैक्सदाताओं के पैसे पानी की तरह बहाए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो रही है। इस लापरवाही ने मनपा की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है और लोग अब जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
