मुंबई में दो पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार, डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के अपहरण और डॉलर लूट का आरोप

Juhu Kidnapping Robbery Incident Update: मुंबई में दो पुलिस कांस्टेबलों को एक फॉरेक्स डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के अपहरण और 10,000 डॉलर लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
mumbai-police-constables-arrested-forex-robbery-kidnap-case
मुंबई पुलिस (सौ. सोशल मीडिया )
Updated on

Mumbai Police Constable Arrest Case: मुंबई पुलिस के दो कांस्टेबलों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर एक फॉरेक्स कंपनी के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का कथित तौर पर, अपहरण करने और उससे 10,000 अमेरिकी डॉलर लूटने के आरोप है।

पुलिस ने बताया कि लूटी गई नकदी अभी तक बरामद नहीं हुई है और तीन अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। जुहू पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांद्रा-कुर्ला-कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन के पुलिस कांस्टेबल संदीप शिंदे (33) और जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन में तैनात गजेंद्र राजपूत (40) के रूप में की है। शिंदे 2011 बैच के कांस्टेबल थे, जबकि राजपूत 2008 बैच के हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर को हुई है। डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, जिसकी उम्र 30 साल के आसपास है और जो बांद्रा स्थित एक फॉरेक्स कंपनी के लिए काम करता है, जुहू में विदेशी मुद्रा पहुंचाने गया था। जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे, आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जुहू सर्कल के पास रोड नंबर 10 से एक अर्टिगा कार में अगवा कर लिया था।

शिंदे मौके पर ही पकड़ाया

बताया जाता है कि उन्होंने गाड़ी के अंदर उसके साथ मारपीट की और उसे एक झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे दहिसर ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसका बैग छीन लिया, जिसमे 10,000 डॉलर थे और उसके साथ मारपीट जारी रखी डिलीवरी एग्जीक्यूटिव ने विरोध किया और शोर मचाया, जिससे वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव किया।

मौके पर एक पुलिस गश्ती वाहन पहुंचा, जिसके बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की। हालांकि शिंदे को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि बाकी लोग भागने में सफल रहे। शिंदे को पहले दहिसर पुलिस स्टेशन ले जाया गया और बाद में जांच के लिए जुहू पुलिस को सौंप दिया गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर अपहरण, जबरन वसूली, डकैती और सरकारी कर्मचारी होने का ढोंग करने के आरोपों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com