उड़ता महाराष्ट्र: नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग्स केस में सियासत तेज, विपक्ष ने फडणवीस पर साधा निशाना, SIT जांच की मांग

Nesco Center Drug Racket Mumbai: मुंबई नेस्को कंसर्ट हादसा। दो छात्रों की मौत के बाद विपक्ष का सरकार पर तीखा हमला। 'उड़ता महाराष्ट्र' के आरोपों के बीच एसआईटी (SIT) जांच की मांग तेज।
Political row erupts in Maharashtra after 2 MBA students die of suspected drug overdose at a Nesco concert in Goregaon. Congress and NCP demand SIT probe.
हर्षवर्धन सपकाल-देवेंद्र फडणवीस-विजय वडेट्टीवार (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nesco Center Drugs Case: मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर (Nesco Center) में आयोजित एक म्युजिक कंसर्ट को देखने आए दो एमबीए छात्रों की ड्रग्स की ओवरडोज से हुई मौत के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस निकम्मी सरकार की वजह से ही महाराष्ट्र की युवा पीढ़ी ड्रग्स के जाल में फंस रही है।

उन्होंने कहा कि आखिर नेस्को (Nesco Center) परिसर में हुई ड्रग्स पार्टी की भनक पुलिस को कैसे नहीं लगी। क्या पूरी व्यवस्था सिर्फ कट मनी, हफ्ता और 'वसूली' के लिए ही है। सपकाल ने कहा कि यदि सीएम देवेंद्र फडणवीस, गृह विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी संभाल नहीं पा रहे हैं तो उन्हें खुद अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।

नौजवानों की बर्बादी की शुरुआत : वडेट्टीवार

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि गोरेगांव में 2 नौजवान छात्रों की मौत, युवा पीढ़ी की बर्बादी की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आजकल हर पार्टी में खुलेआम ड्रग्स की बिक्री हो रही है। स्कूल, कॉलेज के स्टूडेंट इसके शिकार हो रहे है। इससे पहले नागपुर में भी ड्रग्स मिले थे, ऐसा लगता है कि महाराष्ट्र, उड़ता पंजाब बन रहा है।

विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी सुविधा के हिसाब से कुछ लोगों को पकड़ती है और कुछ को छोड़ देती है। ड्रग्स की बिक्री की आड़ में करोड़ों रुपये का लेन-देन हो रहा है। अगर इसे समय रहते नहीं रोका गया तो महाराष्ट्र के नौजवानों को बहुत नुकसान होगा।

एसआईटी जांच की मांग

एनसीपी-एसपी के प्रवक्ता एडवोकेट अमोल मालेले ने कहा कि अगर मुंबई में छात्रों तक आसानी से ड्रग्स पहुंच रही है, तो यह सरकार की विफलता है। इसके पीछे एक बड़ा ड्रग रैकेट है और इस बात की गहन जांच होनी चाहिए कि इसे कौन बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में एक एसआईटी गठित की जाए ताकि पूरे ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com