

Mumbai MTP Report 2025-26 News: मुंबई में एमटीपी के आंकड़ों ने महानगर में परिवार नियोजन और प्रजनन स्वास्थ्य की जमीनी तस्वीर सामने रख दी है। बीएमसी के हेल्थ डिपार्टमेंट की से सूचना अधिकार के तहत दी गई जानकारी में बताया गया है कि वर्ष 2025-26 में एक साल के दौरान शहर में 20552 बार गर्भावस्था रोकी गई।
इस तरह औसतन हर घंटे 2 से अधिक और रोजाना 56 गर्भपात कराया गया। इनमें 18,966 मामलों में गर्भनिरोधक साधनों के असफल होने या उनके अनुचित उपयोग को प्रमुख कारण बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार 30 से 34 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में सबसे अधिक 6416 गर्भ समापन दर्ज हुए, जबकि कुल मामलों में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही।
मुंबई में परिवार नियोजन और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां अब भी बरकरार हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट चेतन कोठारी द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी रिपोर्ट 2025- 26 के अनुसार महानगर में अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच कुल 20,552 एमटीपी दर्ज किए गए।
इसी तरह करीब 92 प्रतिशत एमटीपी गर्भनिरोधक साधनों के असफल होने या उनके अनुचित उपयोग के कारण किए गए, रिपोर्ट के अनुसार 30 से 34 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में सबसे अधिक 6,416 गर्भ समापन दर्ज हुए।
इसके बाद 25 से 29 वर्ष आयु वर्ग में 5,763 और 35 से 39 वर्ष आयु वर्ग में 3,946 मामले सामने आए, 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग में 2,818 मामले दर्ज किए गए, जबकि 19 वर्ष से कम आयु की 365 किशोरियों ने भी गर्भसमापन कराया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 135 मामले दर्ज हुए।
मुंबई से नवभारत लाइव के लिए धीरेंद्र उपाध्याय की रिपोर्ट