

यह मेट्रो परियोजना शहर के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को आपस में जोड़ेगी।
इस एलिवेटेड कॉरिडोर की कुल लंबाई 23.643 किलोमीटर और लागत 10,986 करोड़ रुपये है।
जूहू सर्कल के पास 185 मीटर का अधूरा हिस्सा छोड़कर मेट्रो चलाना असंभव है।
Mumbai Metro 2b Juhu 185 Metre Stretch: हांथी निकल गया लेकिन, पूंछ रह गई यह कहावत मुंबई मेट्रो के बारे में सटीक साबित हुई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन पश्चिमी उपनगर में निर्माणाधीन मेट्रो 2 बी की एक महत्वपूर्ण कड़ी महज 185 मीटर की दूरी के कारण अटकी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे हिस्से में ट्रैक बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन जूहू सर्कल के पास दो जर्जर इमारतें और उनमें रहने वाला एक आखिरी निवासी मेट्रो के रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं। जब तक वह व्यक्ति मकान खाली नहीं करता और इमारतों को गिराया नहीं जाता, तब तक इस हिस्से का काम पूरा नहीं हो सकता।
पूर्वी व पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाला मेट्रो नेटवर्क डीएन नगर (अंधेरी पश्चिम) से मंडाले (मानखुर्द) तक मुंबई मेट्रो 2बी शहर के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाला कुल 23.643 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है। इस परियोजना पर करीब 10,986 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अंधेरी से खार के बीच लगभग 8 किमी का अगला चरण तैयार है। इस पूरे हिस्से में ट्रैक बिछाए जा चुके हैं, लेकिन जूहू सर्कल के ऊपर से गुजरने वाले 185 मीटर के हिस्से का काम अधूरा है। यह हिस्सा डीएन नगर और ईएसआईसी नगर स्टेशनों के बीच है और यहीं मेट्रो लाइन-2बी का संपर्क पहले से शुरू लाइन-2ए से जुड़ना है। इसलिए इस अधूरे हिस्से को छोड़कर मेट्रो चलाने का कोई विकल्प भी नहीं है।
शुरुआत में मेट्रो का रास्ता इमारतों को प्रभावित नहीं कर रहा था, लेकिन 2015 में बदले गए अलाइनमेंट के कारण प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैक जुहू की दो इमारतों के बेहद करीब आ गया। सोसायटी के मुताबिक इससे उसके 2,345 वर्ग मीटर के भूखंड का 842 वर्ग मीटर हिस्सा प्रभावित हो रहा था, जबकि एमएमआरडीए के अनुसार करीब 400 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत थी।
जूहू स्थित गुलमोहर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी की ये दोनों इमारतें 1980 में बनी थीं। इनमें कुल 40 सदस्य हैं। वर्ष 2011 में सोसायटी ने पुरानी इमारतों को तोड़कर नई इमारतें बनाने की योजना तैयार की थी और इसके लिए भूमि पुनर्विकास का जिम्मा भूमि रियल्टर्स को सौंपा था। जमीन महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) की लीज पर थी, इसलिए कई सरकारी मंजूरियां जरूरी थीं।
इस फैसले के खिलाफ सोसायटी ने 2018 में बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अगस्त 2019 में अदालत ने एमएमआरडीए के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि व्यापक जनहित में मेट्रो का अलाइनमेंट बदला जा सकता है। अदालत ने यह भी माना कि जमीन का अनिवार्य अधिग्रहण महंगा और लंबी प्रक्रिया वाला विकल्प होगा।
समस्या का समाधान जमीन की अदला-बदली में तलाशा गया। म्हाडा ने सोसायटी को जूहू इलाके में ही स्थित तिलक उद्यान का 2,345 वर्ग मीटर भूखंड देने का प्रस्ताव रखा। यह जगह पुराने भूखंड से करीब 650 मीटर दूर है। योजना के तहत सोसायटी वहां नई इमारत बनाएगी और पुरानी जमीन पर बगीचा विकसित किया जाएगा। इसके लिए बीएमसी को दोनों भूखंडों का भूमि उपयोग भी बदलना था। वैसे पहली बार समझौता प्रीमियम यानी पुनर्विकास शुल्क को लेकर टूट गया। म्हाडा 50 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि मांग रहा था, जबकि एमएमआरडीए केवल 2 करोड़ रुपये देने को तैयार था।
2020 में तीनों पक्षों ने फिर समझौता किया, लेकिन सोसायटी, बिल्डर और अधिकारियों के बीच मतभेदों के कारण मामला दोबारा अटक गया। आखिरकार 2025 में नए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए।
एमएमआरडीए ने म्हाडा और सोसायटी के लिए सीधे 34 करोड़ रुपये देने पर सहमति जताई, जबकि शेष राशि सोसायटी को बिल्डर के माध्यम से चुकानी थी। सितंबर 2026 तक सोसायटी ने नए भूखंड की लीज पर हस्ताक्षर कर दिए, भुगतान पूरा हो गया और दोनों भूखंडों के भूमि उपयोग में बदलाव की प्रक्रिया भी पूरी हो गई।
एमएमआरडीए ने अधूरे हिस्से पर पिलर, नींव और गर्डर लगाने का काम शुरू कर दिया है। पुरानी इमारतों के पास काम होने के कारण कंपन मापने वाली मशीनें भी लगाई गई हैं। हालांकि, सोसायटी को अभी नए भवन का अंतिम निर्माण मंजूरी और बिल्डर के साथ स्थायी वैकल्पिक आवास समझौता (पीएए) पूरा करना है। इसी समझौते के तहत निवासियों को नए फ्लैट और निर्माण अवधि के दौरान किराया मिलेगा।
दोनों इमारतों में अब लगभग सभी लोग जा चुके हैं। लेकिन 55 वर्षीय एक व्यक्ति बचा है, जो बचपन से वहीं रह रहा है। सोसायटी को इमारतें खाली कराकर एमएमआरडीए को सौंपनी हैं। इसके बाद ही उन्हें गिराकर 185 मीटर का काम पूरा किया जा सकेगा। उस आखिरी व्यक्ति के कारण मेट्रो 2 बी के निर्माण की रफ़्तार पर अभी भी ब्रेक लगा हुआ है।
मुंबई मेट्रो 2 बी यलो लाइन के 20 में से 6 स्टेशन यात्रियों के लिए शुरू हो पाए हैं। मंडाले से डायमंड गार्डन तक 5.5 किलोमीटर का पहला चरण 7 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ। इसके बाद चेंबूर तक 0.29 किलोमीटर का विस्तार 13 अगस्त 2026 को चालू किया गया। मेट्रो लाइन-2बी का अगला चरण 2027 में शुरू करने का लक्ष्य है।
पूरी लाइन शुरू होने पर मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच यात्रा का समय घटेगा, सड़क यातायात पर दबाव कम होगा और लाखों यात्रियों को तेज एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। एमएमआरडीए के अनुमान के अनुसार, 2031 तक इस लाइन पर प्रतिदिन करीब 10.5 लाख यात्रियों के सफर करने की संभावना है।