Mumbai Mayor Election: मुंबई में महापौर चुनाव स्थगित, भाजपा-शिवसेना का समूह पंजीकरण अधूरा

BMC में महापौर चुनाव फिलहाल टाल दिया गया है। भाजपा-शिवसेना के बीच संयुक्त समूह पंजीकरण अधूरा रहने और पदों को लेकर जारी खींचतान के कारण अब चुनाव फरवरी में होने की संभावना है।
BMC Mayor
बीएमसी महापौर (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: मुंबई नगर निगम में महापौर पद के लिए प्रस्तावित चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भाजपा और शिवसेना के बीच गठबंधन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण प्रशासन को यह निर्णय लेना पड़ा है। इससे मनपा की राजनीतिक गतिविधियों में अस्थायी ठहराव आ गया है।

महापौर पद के लिए आरक्षण की घोषणा के बाद प्रशासन ने 31 जनवरी को मतदान कराने का निर्णय लिया था। इसके तहत 27 जनवरी को नामांकन पत्र दाखिल किए जाने थे। प्रशासन ने चुनाव से संबंधित विज्ञापन जारी करने की भी पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम टालना पड़ा।

समूह पंजीकरण बना सबसे बड़ी बाधा

मनपा प्रशासन के अनुसार, भाजपा और शिवसेना का संयुक्त समूह पंजीकरण अब तक पूरा नहीं हो सका है। नियमों के अनुसार समूह पंजीकरण के बिना महापौर चुनाव कराना संभव नहीं है। इसी तकनीकी और राजनीतिक अड़चन के चलते चुनाव कार्यक्रम को स्थगित किया गया है।

पदों को लेकर दावा-प्रतिदावा

दरअसल, भाजपा और शिवसेना के बीच यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संयुक्त समूह बनेगा या नहीं। भाजपा ने महापौर पद पर अपना दावा पेश किया है, जबकि शिवसेना महापौर या स्थायी समिति अध्यक्ष पद पर अपना अधिकार जता रही है। दोनों दलों के बीच आंतरिक चर्चा और मतभेदों के समाधान में समय लग रहा है।

फरवरी में चुनाव की संभावना

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जब तक गठबंधन को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनती, तब तक समूह पंजीकरण पूरा होना मुश्किल है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, समूह पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होते ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। ऐसे में अब मुंबई को नया महापौर फरवरी में मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com