मुंबई में बेकाबू BEST बस का तांडव, मानखुर्द में डिवाइडर से टकराई बस, बुजुर्ग की मौत और चालक-कंडक्टर घायल

Mumbai BEST Bus Accident: मुंबई के मानखुर्द में बेकाबू BEST बस डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बस चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।
mumbai mankhurd uncontrolled best bus accident one dead two injured
BEST बस का एक्सीडेंट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Mankhurd Uncontrolled Best Bus Accident: मुंबई की रफ़्तार और उसकी लाइफलाइन कही जाने वाली BEST बसों से जुड़ी एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है, जिसने सोमवार की सुबह को मातम में बदल दिया। मानखुर्द इलाके में एक अनियंत्रित BEST बस ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क किनारे खड़े एक शख्स को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

हादसा सोमवार की सुबह उस वक्त हुआ जब मुंबई अपनी दैनिक दौड़ शुरू कर रही थी। मानखुर्द स्थित सायन-पनवेल हाईवे पर विश्वकर्मा अस्पताल के सामने, रूट नंबर 501 की एक BEST बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बस की रफ़्तार और अचानक हुए इस हादसे ने हाईवे पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। बेकाबू बस सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।

एक की मौत, दो की हालत गंभीर

इस भीषण टक्कर की चपेट में 65 वर्षीय भास्कर रावसाहेब पांडे आ गए, जो उस वक्त डिवाइडर के पास ही खड़े थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भास्कर पांडे बुरी तरह जख्मी हो गए और राजावाड़ी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने न केवल एक मासूम नागरिक की जान ली, बल्कि बस के भीतर मौजूद कर्मचारियों को भी लहूलुहान कर दिया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में 51 वर्ष के बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा और 41 वर्ष के बस कंडक्टर वैभव वाघमारे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटे कई अनसुलझे सवाल

सरेआम हाईवे पर हुई इस दुर्घटना ने प्रशासन और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। आखिर भीड़भाड़ वाले सायन-पनवेल हाईवे पर बस बेकाबू कैसे हुई? क्या यह बस में आई कोई तकनीकी खराबी थी या फिर चालक की लापरवाही? फिलहाल, मानखुर्द पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

मुंबई में आए दिन होते ये बस हादसे अब यात्रियों के लिए खतरे की घंटी बन गए हैं। आज BEST बस के इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मुंबई की सड़कों पर आम आदमी आखिर कितना सुरक्षित है?

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com