मुंबई के मानखुर्द में 4 मंजिला अवैध इमारत गिरने से 6 की मौत: मकान मालिक और ठेकेदार समेत 2 गिरफ्तार, केस दर्ज

Mumbai Crime News: मुंबई के मानखुर्द में एक चार मंजिला अवैध इमारत गिरने से बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मालिक और ठेकेदार को गिरफ्तार कर अधिकारियों पर भी केस दर्ज किया है।
Six people died after a 4-story illegal building collapsed in Mankhurd, Mumbai. Police arrested two individuals, including the owner and construction contractor.
प्रतीकात्मक इमेज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Illegal Building Construction: मानखुर्द के जनता नगर (मंडाला) इलाके में चार मंजिला अवैध इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में इमारत पास की झोपड़ी पर गिर गई थी, जिससे दो पुरुषों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मानखुर्द पुलिस ने इमारत के मालिक, निर्माण ठेकेदार, झोपड़ी मालिक तथा अवैध निर्माण को बढ़ावा देने के आरोप में संबंधित निजी और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता मुख्तार अब्दुल अली शेख की शिकायत के आधार पर की गई, जो हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची आलिया के रिश्तेदार हैं। पुलिस का आरोप है कि बिना आवश्यक अनुमति के निर्माण कार्य कराया गया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।

मलबे में दबकर गई छह लोगों की जान

पुलिस के अनुसार, हादसे में अख्तर जहाँ मोइनुद्दीन शाह, कैंसर जहाँ मोइनुद्दीन शाह, सिराजुद्दीन शाह, जलाउद्दीन शाह, मुनाफ और पड़ोसी की बेटी आलिया की मौत हो गई। बताया गया कि आलिया पड़ोस में रहने के कारण बच्चों के साथ खेलने के लिए उस घर में गई थी और इमारत गिरने के दौरान मलबे में दब गई।

नौ महीने पहले हुआ था निर्माण

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह चार मंजिला इमारत करीब नौ महीने पहले एक ठेकेदार द्वारा बनाई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि निर्माण के दौरान किन नियमों का उल्लंघन किया गया और किन अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत रही।

अवैध निर्माण पर प्रशासन की सख्ती

मृतक परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। परिवार के मुखिया मोइनुद्दीन वाजिद अली शाह ठेकेदार के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण के मामलों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com