'यात्री ऐप' से लोकल ट्रेनों की रीयल टाइम जानकारी, मध्य रेल के साथ साझेदारी का विस्तार

Yatri App India: मुंबई लोकल यात्रियों को रीयल-टाइम ट्रेन लोकेशन, देरी और प्लेटफॉर्म अपडेट की जानकारी देने के लिए मध्य रेल और यात्री ऐप की साझेदारी को 2031 तक बढ़ा दिया गया है।
mumbai local yatri app real time train info central railway partnership extended
Mumbai Local Train (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Local Train News: मुंबई के लोकल यात्रियों को रीयल-टाइम ट्रेन जानकारी उपलब्ध कराने वाले ‘यात्री ऐप’ के साथ मध्य रेल की साझेदारी और बढ़ा दी गई है। मध्य रेल ने ‘यात्री ऐप’ के साथ अपने सहयोग के विस्तार की घोषणा की है।

यह प्लेटफॉर्म मुंबई रेल नेटवर्क के यात्रियों को विश्वसनीय ट्रेन जानकारी उपलब्ध कराने के अपने निरंतर प्रयासों के लिए पहचाना जाता है। लगभग 5 वर्ष पूर्व शुरू हुई इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य उपनगरीय रेल यात्रियों को सटीक एवं रीयल-टाइम ट्रेन जानकारी उपलब्ध कराना रहा है।

5 साल बढ़ी अवधि

यात्री ऐप और मध्य रेल के बीच अप्रैल 2021 में 5 वर्षों की अवधि के लिए प्रदान सहयोग समझौता हुआ था। अब इसे आगे बढ़ाकर मार्च 2031 तक विस्तारित कर दिया गया है।

22 लाख का राजस्व

‘यात्री ऐप’ के माध्यम से जहां यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी वहीं मध्य रेल को लाइसेंस शुल्क के रूप में प्रतिवर्ष 22.05 लाख का राजस्व भी प्राप्त हो रहा है। मुंबई का लोकल रेल नेटवर्क विश्व के सबसे व्यस्त शहरी रेल तंत्रों में से एक है, जो प्रतिदिन लाखों यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। मध्य रेल और ‘यात्री ऐप’ के बीच साझेदारी से यात्रियों को लाइव ट्रेन लोकेशन, देरी की सूचना तथा प्लेटफॉर्म अपडेट जैसी सटीक एवं समय पर जानकारी प्राप्त होगी।

25 लाख यात्रियों को सहायता

इस सहयोग के दौरान ‘यात्री ऐप’ ने स्थानीय ट्रेनों में स्थापित जीपीएस उपकरणों से प्राप्त लाइव ट्रेन लोकेशन डेटा का उपयोग करता है। जिससे प्रतिदिन 25 लाख से अधिक यात्रियों को सहायता मिल रही है।

इससे यात्रियों को अपने सफर से संबंधित बेहतर निर्णय लेने में मदद मिली है। शहर की बस सेवाओं एवं मुंबई मेट्रो जैसे अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। मध्य रेल के सीपीआरओ डॉ स्वप्निल नीला के अनुसार 'यात्री ऐप’ जैसे प्लेटफॉर्म की साझेदारी से मध्य रेल का उद्देश्य यात्रियों को रीयल-टाइम एवं सही यात्रा जानकारी अधिक सुलभ बनाना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com