मुंबई लोकल ट्रेन (सौ. सोशल मीडिया )
Mumbai Local Train News Update: मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर रविवार, 1 फरवरी को बड़ा असर पड़ने वाला है। सेंट्रल रेलवे और वेस्टर्न रेलवे ने मेगा मेंटेनेंस ब्लॉक की घोषणा की है, जिसके चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी और कई सेवाएं देरी से चलेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से रविवार की यात्रा सोच-समझकर करने की अपील की है। सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर ठाणे और कल्याण के बीच अप और डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 10:40 बजे से दोपहर 3:40 बजे तक जंबो ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सभी फास्ट लोकल ट्रेनों को स्लो लाइनों पर डायवर्ट किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, डायवर्जन के कारण कुछ लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों में 15 से 20 मिनट तक की देरी हो सकती है। इसी तरह हार्बर लाइन पर भी यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
कुर्ला-वाशी के बीच सुबह 11:10 से शाम 4:10 बजे तक ब्लॉक के चलते सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल के बीच चलने वाली सभी लोकल ट्रेनें निलंबित रहेंगी। राहत के तौर पर सीएसएमटी-कुर्ला और वाशी-पनवेल सेक्शन में कुछ विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी।
वेस्टर्न रेलवे पर चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच अप और डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 10:35 से दोपहर 3:35 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान फास्ट लोकल ट्रेनों को स्लो लाइन पर चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें दादर और बांद्रा तक ही चलाई जाएंगी और वहीं से वापस रवाना होगी।
ये भी पढ़ें :- Municipal land controversy: 9 साल बाद ट्रस्ट को मिली करोड़ों की जमीन, सिटीजन फाउंडेशन की जीत
इससे वेस्टर्न लाइन पर भी कैसिलेशन और देरी तय मानी जा रही है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह ब्लॉक ट्रैक, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव के लिए जरूरी है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुचारू सेवा दी जा सके।