मुंबई में रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर! मध्य रेलवे के 44 स्टेशनों पर खुलेंगे इमरजेंसी मेडिकल रूम

Mumbai Local EMR: मुंबई लोकल में सफर अब होगा और सुरक्षित। मध्य रेलवे ने 44 उपनगरीय स्टेशनों पर 24/7 इमरजेंसी मेडिकल रूम (EMR) शुरू करने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। जानिए पूरी रिपोर्ट।
Railway Emergency Medical Room: मुंबई में रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर! मध्य रेलवे के 44 स्टेशनों पर खुलेंगे इमरजेंसी मेडिकल रूम
रेलवे स्टेशन में स्थित इमरजेंसी मेडिकल रूम (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Central Railway Emergency Medical Room: मुंबई की लोकल एवं अन्य यात्री ट्रेनों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों को आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए मध्य रेलवे के 44 उपनगरीय स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम की सुविधा उपलब्ध कराने निविदा जारी की गई है।

10 स्टेशनों के लिए ईएमआर मंजूर

मध्य रेल के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार मुंबई मंडल के अंतर्गत आने वाले कई उपनगरीय स्टेशनों पर ईएमआर स्थापित किए हैं। इसका प्राथमिक उद्देश्य दुर्घटनाओं, बीमारियों या अन्य आपात स्थिति में यात्रियों व रेलवे कर्मचारी को भी प्राथमिक उपचार मिल सके। भायखला, कल्याण और वाशी स्टेशनों पर ईएमआर पहले से ही कार्यरत हैं। इसके साथ 10 और स्टेशनों के लिए अनुबंध दिए जा चुके हैं, जिनमें कलवा, टिटवाला और कर्जत पहले से ही कार्यरत हैं। बाकी सात स्टेशनों लोकमान्य तिलक टर्मिनस, कुर्ला, घाटकोपर, ठाणे, मुंब्रा, मानखुर्द और चेंबूर के लिए काम जारी है। बताया गया कि मुंबई मंडल के 44 अन्य स्टेशनों पर ईएमआर के लिए निविदाएं जारी की गई हैं।

EMR में क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

इन आपातकालीन चिकित्सा केंद्रों (EMR) में जरूरी जीवन रक्षक उपकरण, ऑक्सीजन आपूर्ति, स्ट्रेचर और दवाइयां उपलब्ध हैं। यहां योग्य डॉक्टरों और प्रशिक्षित पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा चौबीसों घंटे सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इसके साथ पोर्टेबल प्रयोगशाला, मेडिकल स्टोर और एम्बुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

नवभारत लाइव की लगातार आवाज

गौरतलब है कि मुंबई के उपनगरीय स्टेशनों पर लाखों यात्रियों एवं रेल कर्मियों के लिए आपात स्थिति में इमरजेंसी मेडिकल रूम की आवश्यकता को लेकर सबसे पहले नवभारत लाइव लगातार आवाज उठाता रहा है।

क्यों पड़ी EMR की जरूरत?

उल्लेखनीय है कि मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मध्य व पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों से रोजाना 80 लाख लोग सफर करते हैं। ट्रेनों में भारी भीड़ एवं अन्य कारणों की वजह से रोजाना कई यात्री दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। उपनगरीय स्टेशनों पर आपातकालीन परिस्थिति में यात्रियों और रेल कर्मचारियों को भी तत्काल प्राथमिक उपलब्ध कराने यानी ईएमआर शुरू किए जाने का निर्णय हाईकोर्ट के निर्देश के बाद लिया गया था। लेकिन कोरोनाकाल एवं उसके बाद अधिकांश ईएमआर विभिन्न कारणों से बंद होते गए।

इस समय मध्य रेलवे के लगभग 90 उपनगरीय स्टेशनों में से मात्र 6-7 स्टेशनों,जबकि वेस्टर्न रेलवे के 30 उपनगरीय स्टेशनों में से मात्र 14 से 15 स्टेशनों पर ईएमआर सेवाएं शुरू हैं। मुंबई लोकल में बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए उपनगरीय स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम की आवश्यकता को देखते हुए रेल प्रशासन अब ईएमआर फिर से शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com