मुंबईकरों के लिए खुशखबरी! सीधे 15 डिब्बे की पहली लोकल हुई तैयार, जानें कहां से कहां तक चलेगी

Mumbai Local Train News: मुंबई की लाइफलाइन में बड़ा बदलाव! चेन्नई की ICF ने पहली बार पूरी तरह स्वदेशी 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेन तैयार की है। पश्चिम रेलवे पर यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिलेगी।
Mumbai Local Train 15 Coach
डिब्बे की पहली लोकल ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Local Train 15 Coach: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों के बेड़े में जल्द ही पूरे 15 डिब्बे की नई कोरी ट्रेन शामिल होने वाली है। बताया गया है कि पूरे स्वदेशी बनावट की सीधे 15 डिब्बे वाली लोकल ट्रेन की देश की पहली रेक चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा बना कर रवाना कर दी गई है। इसे जल्द ही पश्चिम रेलवे पर चलाया जाएगा।

ज्यादातर 12 डिब्बे की लोकल

गौरतलब है कि पश्चिम व मध्य रेलवे पर भी ज्यादातर 12 डिब्बे की लोकल ही चलाई जा रही है। मुंबई लोकल में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए 15 डिब्बो की लोकल बढ़ाने की लगातार मांग हो रही है। पिक आवर में 12 डिब्बों की लोकल में क्षमता के तीन गुना यानी 5500 से 6000 लोग यात्रा करते हैं। बताया गया कि अब तक वेस्टर्न रेलवे पर 12 कोच में तीन कोच जोड़कर 15 कोच वाली लोकल ट्रेनें बनाई जा रही थीं। इससे लोकल रेक नहीं बढ़ता था और कोच की कमी भी हो रही थी। इसके लिए ICF ने पहली बार 15 कोच वाली लोकल ट्रेन की रेक तैयार की है। जल्द ही 15 डिब्बे की एक और रेक तैयार हो जाएगी।

यात्रियों को मिलेगी कुछ राहत

पश्चिम रेलवे की लोकल से रोजाना लगभग 35 लाख लोग सफर करते हैं। यदि वेस्टर्न रेलवे के बेड़े में 15 डिब्बे की लोकल जुड़ती है,तो इनकी संख्या 20 से 22 हो जाएगी। गुरुवार से वेस्टर्न रेलवे पर चार नई लोकल सर्विस भी शुरू की गईं। इनमें से तीन AC लोकल ट्रेनें और एक नॉर्मल लोकल ट्रेन चलनी शुरू हो गई है। 15 डिब्बे की नई लोकल आने से फेरियां भी बढ़ेंगी। इससे यात्रियों को सुबह शाम यात्रा में राहत होगी।

प्लेटफ़ॉर्म की लंबाई बढ़ाने का कार्य जारी

उल्लेखनीय है कि 15 डिब्बो की लोकल ट्रेन चलाने के लिए कई कई स्टेशनों पर प्लेटफ़ॉर्म की लंबाई बढ़ानी जरूरी है। विरार-अंधेरी के बाद 15 कोच वाली लोकल को बांद्रा तक बढ़ाने के लिए विलेपार्ले, सांताक्रूज़, खार रोड और बांद्रा स्टेशनों के प्लेटफ़ॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम चल रहा है। वैसे आने वाले समय में रेलवे ने साधारण लोकल की जगह मुंबई में एसी लोकल ही चलाने का निर्णय लिया है। भविष्य में 12 और 15 डिब्बे की 240 एसी लोकल ट्रेन चलाने का प्लान है, लेकिन तब तक 15 डिब्बे की साधारण लोकल के संचालन में बढ़ोतरी कर यात्रियों की भारी भीड़ को कम करने का एकमात्र विकल्प दिखाई दे रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com