

जूही मेहता का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश।
विले पार्ले में ट्रैफिक कांस्टेबल को कार से कुचलने की कोशिश का आरोप।
पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Juhi Mehta Mumbai Traffic Incident: विले पार्ले में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ कथित बदसलूकी और उन्हें कार से कुचलने की कोशिश के मामले में डिजिटल मीडिया कंपनी की CEO जूही मेहता की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुंबई पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र लिखकर उनका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है। यह घटना 30 अक्टूबर की शाम संगीत महाभारत जंक्शन के पास हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, जूही मेहता की महंगी कार की टक्कर एक अन्य वाहन से हो गई थी। इस हादसे के कारण इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। उस समय ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल प्रशांत हाके मौके पर पहुंचे। उन्होंने मेहता से कार हटाकर यातायात सुचारु करने को कहा।
पुलिस शिकायत के अनुसार, कार हटाने को कहने पर जूही मेहता ने कांस्टेबल प्रशांत हाके के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और बहस शुरू कर दी। आरोप है कि जब हाके ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने अपनी कार पुलिसकर्मी की दिशा में बढ़ा दी।
हालात को भांपते हुए कांस्टेबल हाके समय रहते सड़क के किनारे हट गए। इससे वह कार की चपेट में आने से बच गए। इसके बाद आरोपी महिला कथित तौर पर तेज रफ्तार से जैवीपीडी जंक्शन की ओर निकल गईं।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इस वीडियो और शिकायत में दर्ज आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इसी बीच पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र भेजकर जूही मेहता का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है।
अब परिवहन विभाग इस सिफारिश पर क्या निर्णय लेता है, इस पर नजर रहेगी। मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।