मुंबई में इंस्टाग्राम फ्रेंडशिप के नाम पर 6.25 लाख की ठगी, विधायक के सहायक की पत्नी बनी शिकार

Bhandup Cyber Crime: मुंबई में साइबर ठगी का मामला सामने आया है।इंस्टाग्राम पर ‘यूके शेफ’ बनकर एक ठग ने विधायक के निजी सहायक की पत्नी को महंगे गिफ्ट और पार्सल के नाम पर 6.25 लाख रुपये का चूना लगा दिया।
cyber fraud
कॉन्सेप्ट इमेज
Published on
Updated on

Mumbai Instagram Fraud Case: मुंबई के भांडुप इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एक विधायक के निजी सहायक की पत्नी से करीब 6.25 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला नियमित रूप से इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के वीडियो पोस्ट करती थीं। करीब तीन साल पहले उन्हें एक फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने खुद को ‘शेफ बेनेडिक्ट’ बताते हुए यूके में रहने वाला रसोइया होने का दावा किया। उसने महिला के परिवार की तारीफ की और बातचीत के दौरान उनकी बेटी का जन्मदिन भी पूछ लिया।

महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा

आरोपी ने ईसाई परंपरा का हवाला देते हुए जन्मदिन पर उपहार भेजने की बात कही। शुरुआत में महिला ने मना किया, लेकिन लगातार आग्रह के बाद उन्होंने अपना व्हाट्सएप नंबर और घर का पता साझा कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि उसने हार, महंगी घड़ी, पर्स, इत्र और 40,000 पाउंड भेजे हैं। साथ ही उसने एक फर्जी कूरियर रसीद भी भेज दी।

शुल्क के नाम पर पैसे ऐंठे

9 मार्च को महिला को एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उनका पार्सल आ गया है और 70,000 रुपये शुल्क जमा करने होंगे। आरोपी ने भी इसे सही बताया। इसके बाद यूके सीमा शुल्क विभाग के नाम से लगातार मैसेज आने लगे, जिनमें महंगे सामान और विदेशी मुद्रा के कारण अतिरिक्त शुल्क जमा करने को कहा गया।

6.25 लाख रुपये की ठगी

ठगों ने अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से विभिन्न बैंक खातों में कुल 6.25 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। हालांकि, इतना पैसा देने के बाद भी महिला को कोई पार्सल नहीं मिला।

पुलिस में दर्ज हुई शिकायत

जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com