

Mumbai Goregaon West Fire: मुंबई के गोरेगांव वेस्ट स्थित भगत सिंह नगर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक घर में अचानक आग लग गई। मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग लगने के समय घर के अंदर मौजूद लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने या संभलने का मौका तक नहीं मिला और जलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो की पहचान स्पष्ट हो गई है, जिनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने शवों को बाहर निकाल लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
राहत और बचाव कार्य सूचना मिलने के तुरंत बाद मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। अधिकारियों ने सक्रियता दिखाते हुए आग को आस-पास के घरों में फैलने से रोक लिया और कुछ ही समय में उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं आग लगने की सही वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव जैसे संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अनुमान लगाया जा रहा है कि घर के फ्रिज में धमाका होने से आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद पूरे भगत सिंह नगर इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।