

विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर के नामकरण पर दो अलग-अलग मांगें
विधायक पराग शाह ने कैप्टन स्मित मच्छर के नाम का प्रस्ताव रखा
पूर्व मंत्री प्रकाश मेहता ने प्रमोद महाजन के नाम की मांग की
उद्घाटन से पहले घाटकोपर की राजनीति में चर्चा तेज
Mumbai Vidyavihar Flyover Ghatkopar BJP Pramod Mahajan: मुंबई, घाटकोपर में नवनिर्मित विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर के उद्घाटन से पहले ही इसके नामकरण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के इस फ्लाईओवर के लिए भाजपा के दो नेताओं ने अलग-अलग नामों का प्रस्ताव रखा है। घाटकोपर पूर्व के विधायक पराग शाह जहां इसे कैप्टन स्मित मच्छर फ्लाईओवर नाम देने की मांग कर रहे हैं, वहीं महाराष्ट्र के पूर्व गृह निर्माण मंत्री प्रकाश मेहता ने इसका नाम दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के नाम पर रखने की मांग की है।
दोनों प्रस्ताव सामने आने के बाद पुल के नामकरण को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
विधायक पराग शाह ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को पत्र लिखकर विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर का नाम ‘कैप्टन स्मित मच्छर फ्लाईओवर’ रखने की मांग की है। उनका कहना है कि घाटकोपर के निवासी कैप्टन स्मित मच्छर ने कठिन परिस्थितियों में साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
शाह के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छर ने 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके साहस और मानवतावादी दृष्टिकोण को सम्मान देने के लिए पुल का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
दूसरी ओर, पूर्व गृह निर्माण मंत्री और घाटकोपर के पूर्व विधायक प्रकाश मेहता ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर फ्लाईओवर का नाम दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के नाम पर रखने की मांग की थी।
मेहता का तर्क है कि प्रमोद महाजन का घाटकोपर और मुंबई के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में इस प्रमुख कनेक्टर को उनके नाम से जोड़ना उचित होगा।
विद्याविहार पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला यह कनेक्टर जल्द ही नागरिकों के लिए खुलने वाला है। हालांकि, नामकरण को लेकर अभी दो अलग-अलग मांगें सामने हैं। अब यह देखना होगा कि संबंधित प्रशासन और सक्षम प्राधिकारी इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं।