इंस्टाग्राम टिकट स्कैम से लेकर फर्जी CBI कॉल तक, मुंबई में तीन लोगों से लाखों की साइबर ठगी

Mumbai में साइबर ठग नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। तीन अलग-अलग मामलों में स्कैमर्स ने इंस्टाग्राम टिकट स्कैम और नकली कस्टमर केयर के जरिए तीन लोगों से 4.89 लाख रुपये से अधिक ठग लिए।
cbi-busts-cyber-fraud-racket-maharashtra-police-link-probe
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Cyber Fraud: मुंबई में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में सामने आए तीन अलग-अलग मामलों में स्कैमर्स ने एक डॉक्टर, एक बुजुर्ग महिला और एक सरकारी अधिकारी को निशाना बनाकर कुल 4.89 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली।

इन घटनाओं के बाद पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। विले पार्ले ईस्ट में रहने वाले एक डॉक्टर इंडिया-इंग्लैंड क्रिकेट मैच के टिकट खरीदने के चक्कर में साइबर ठगों के जाल में फंस गए। डॉक्टर ने टिकट खरीदने के लिए इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट से संपर्क किया। आरोपी ने भुगतान के लिए एक यूपीआई क्यूआर कोड भेजा।

डॉक्टर ने अलग-अलग किस्तों में 28,800 रुपये, 79,500 रुपये, 1,10,000 रुपये और 57,200 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 2,98,300 रुपये की रकम स्कैमर्स के खाते में चली गई। बाद में जब टिकट नहीं मिले, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

फर्जी CBI अधिकारी बनकर बुजुर्ग महिला को धमकाया

अंधेरी की रहने वाली 66 वर्षीय महिला को भी साइबर ठगों ने निशाना बनाया। महिला को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। आरोपी ने महिला को धमकाया कि अगर उसने तुरंत पैसे ट्रांसफर नहीं किए तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डर के कारण महिला ने ठगों के बताए खाते में पैसे भेज दिए। बाद में परिवार को जानकारी मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला।

नकली कस्टमर केयर कॉल से भी ठगी

तीसरे मामले में एक सरकारी अधिकारी को नकली कस्टमर केयर कॉल के जरिए ठगा गया। आरोपी ने खुद को बैंक या सेवा प्रदाता का प्रतिनिधि बताते हुए खाते से संबंधित जानकारी मांगी और धोखे से पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज

तीनों मामलों में पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अनजान कॉल के जरिए पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर सेल को दें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com