मुंबई क्राइम ब्रांच की छापामार कार्रवाई, 2 करोड़ रुपए से अधिक की ड्रग्स जब्त, 11 तस्कर अरेस्ट

Mumbai Crime News: मुंबई क्राइम ब्रांच ने 11 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ की ड्रग्स जब्त की। मेफेड्रोन, हेरोइन, गांजा और नशीली गोलियों के अवैध धंधे पर बड़ी कार्रवाई की।
Mumbai Crime Branch arrests 11 drug peddlers
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Drugs seized in Mumbai: मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर 11 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 4 लाख रुपए मूल्य की ड्रग्स जब्त की गई, जिसमें 198 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी/म्याऊ म्याऊ), 6.233 किलोग्राम गांजा, 346 ग्राम हेरोइन और 3,460 नशीली गोलियां शामिल हैं।

एएनसी की आजाद मैदान, बांद्रा, कांदिवली, वर्ली और घाटकोपर यूनिट्स ने मिलकर यह ऑपरेशन अंजाम दिया। बरामद नशीले पदार्थों में नाइट्रोजेपाम, एल्प्रोजोलम और ट्रामाडोल जैसी नियंत्रित दवाओं की 3,460 गोलियां भी शामिल थीं। मुंबई पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई शहर को नशा मुक्त बनाने और नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।

धारावी, बांद्रा और वर्ली में की छापेमारी

धारावी में आजाद मैदान यूनिट ने एमडी की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ किया। इस छापेमारी में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 42 लाख रुपये मूल्य का 140 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। वहीं, बांद्रा यूनिट ने अलग-अलग छापों में दो व्यक्तियों से 849 ग्राम गांजा और 15 ग्राम हेरोइन जब्त की। वर्ली यूनिट ने भायखला इलाके में 1.182 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि माहिम से 310 ग्राम हेरोइन (1.24 करोड़ रुपए मूल्य) जब्त की गई।

गोवंडी इलाके से 3,460 नशीली गोलियां जब्त

घाटकोपर यूनिट ने गोवंडी इलाके से 3,460 नशीली गोलियां, जिनकी कीमत 10.4 लाख रुपये से अधिक थी, बरामद की। गोरेगांव पूर्व, बोरीवली पश्चिम और मलाड पश्चिम में की गई छापेमारी में 58 ग्राम मेफेड्रोन, 21 ग्राम हेरोइन और 4.202 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

एएनसी ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि एएनसी लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है और शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com