

Congress Protest Against Haldwani Purification: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने की घटना के विरोध में मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस कमेटी मंगलवार शाम 5 बजे आकाश स्वीट्स, अंधेरी (पूर्व) रेलवे स्टेशन के बाहर को निषेध आंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने इस घटना को जातिवादी और अपमानजनक बताते हुए केंद्र की मोदी सरकार व उत्तराखंड की धामी सरकार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना जैन ने हल्द्वानी की कथित शुद्धिकरण घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना को करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार बताए जा रहे लोगों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
जैन ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई नहीं होने से सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि घटना के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना भी उचित नहीं है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग की है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासित सरकारों में दलितों और वंचित समुदायों से जुड़े अपमान के मामलों में दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। पार्टी ने हल्द्वानी की कथित घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने साथ ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग दोहराई है। पार्टी का कहना है कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक अपमान की घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी अपनी आवाज सड़क से सदन तक लगातार उठाती रहेगी।